Tuesday, 13 December 2011

सुनते ही कपि श्री को ,जानकी विलाप करे,
                हे ! राघव  जानती हूँ , दुखी  कर  आई हूँ.
मेरे पीछे देवर हैं , यह तो संतोष है .
                उनके वात्सल्य को भी,छीन कर आई हूँ .
लौटूं तो भी कैसे लौटूं ? मध्य में यह वारिधि ,                 
                भाग्य  अपने  कर  से  , फोड़ कर आई हूँ  
शायद ही आहार को ,  लेते होंगे समय से ,
                हाय रे !व्यवस्था सारी ,तोड़ कर आई  हूँ.

जानकी विलाप सुन , कपि- नेत्र  भर कहे ,
                शांत रहो माता अब , क्लेश नहीं कीजिए.
प्रभु और लक्ष्मण की , सेवा में सुग्रीव दल ,
                 परिचर्या सुन्दर  है , खेद  नहीं  कीजिए  .
मुद्रिका को धार कर , राम हेतु सहिजानी ,                 
                  मुझको प्रदान करें , भ्रम नहीं कीजिए .
मर्यादा के  बन्ध लगे , न तु लेके चला जाऊं ,
                  दशग्रीव मत्सर सम , शंक नहीं कीजिए.

अरे वत्स !अति भोले , तुम अति कोमल हो ,
                   दशग्रीव  अति  दुष्ट , सुभट से युक्त है.
कई क्रूर मल्ल यहाँ , महाकाय -विकराल ,
                   ऋक्ष - वानर सरल , लघुता से युक्त है
देव - नर- नाग सब  , दमित हैं राक्षसों से ,         
                    कोई नहीं सहाय्य है ,बंधन से युक्त है 
कैसे पार पाओगे , यहाँ रक्ष छलि - बलि ,
                    तिस पर मायावी हैं,साधन से युक्त है.                

Sunday, 11 December 2011

क्षमा करें कपि वर, लंक-देश नृप भ्रष्ट ,
                  तैसा ही है जन-वृन्द ,  संदेह सहज है .
माया की प्रतिष्ठा यहाँ , असत्य ही सर्वत्र है ,
                  साधु पर प्रश्न चिह्न , लगाना सहज है. 
पग-पग मूल्य-क्षय , मर्यादा है तार-तार ,
                   सर पर भय-भाव , चढ़ना सहज है.
ऐसे वायु-मंडल में , श्वांस लेना दुर्भर है,
                   राम के वियोग में तो ,मरना सहज है.




खिन्न ना हो महतारी, तव वत्स उपस्थित ,
                  अविलम्ब लौटता हूँ, स्वामी शीघ्र आयेंगे. 
मूल्यों की प्रतिष्ठा हेतु ,त्रासदी के  अंत हेतु ,  
                   देवी  तव  मान  हेतु  , प्रभु  अत्र  आयेंगे .
धर्म-प्रति ग्लानि को , समूल नष्ट करने हेतु ,
                   शुचि  ध्वज आरोहण ,  भव - धन  आयेंगे .
दशग्रीव रोंद कर  , भव कर थाम कर  , 
                   बनने संयोगी  हेतु  ,  तव  प्रिय  आयेंगे. 

कपि राज वचन तव , मम हित अनुकूल ,
            मरू-भू में मिला मानो,शुचि जल श्रोत हो.                 
अतीव सुखद हुआ , राम का विश्वस्त यहाँ ,
            निर्धन को मिला मानो, अर्थ युक्त कोष हो.
मूल्य की प्रतिष्ठा हेतु , प्रिय अत्र आयेंगे,
            वत्स तव कथन तु , पूर्व का उद्घोष  हो.
रोंदा जाए दशग्रीव ,  राम को उचित होगा ,
            प्रिय कैसे रहते हैं , कहो तो संतोष हो .
                  
महतारी कैसे कहूँ ? राम के व्यवहार को ,
              वियोगी बन रहते, आप के अभाव में.
दिवस प्रारम्भ से वो , खोजते हैं जहाँ-तहाँ ,
              नाम ले पुकारते हैं, आप के प्रभाव में .
रजनी व्यतीत होती, अनुज सह चर्चा में ,
              हर चर्चा रंगी होती, आप के सुभाव में .
पथिक से पूछते हैं , खेचर से पूछते हैं,
              शून्य में ही ताकते हैं,राम के स्वभाव में .
                             
               



Thursday, 8 December 2011


राम चरणानुरागी , त्रिजटा यों कहती है,
                     खुद को संभाल बेटी , काहे खिन्न होती हो. 
आप से विलग हो के, राम भी वियोगी होंगे ,
                      एक प्राण होकर भी , काहे भिन्न होती हो.
माता कह बुलाती हो , तिस पर रुलाती हो ,
                       मेरी वय भी तेरी हो , काहे छिन्न होती हो.
किंचित विश्राम ले लो, अल्पाहार ले आती हूँ ,
                       राम है हरि-स्वरूप , काहे चिन्त्य होती हो

मंद-मंद वायु बहे, द्विज साम छंद पढ़े.
              सती सीता कहती है ,हाय ! मैं अकेली हूँ. 
एक-एक क्षण मुझे , संवत्सर सा लगता,
              नीरवता  कचोटती , पीड़ा की  सहेली हूँ .
कपि  क्षण वर जान ,  मुद्रिका को डालते,
              देख मुद्रा सती चीखी ,प्रिय !मैं अहेली हूँ .
कौन-कौन यहाँ कौन ,राम- मुद्रा कौन लाया ,
               सत्य यह या माया है ?हाय!मैं पहेली हूँ.

श्रद्धा-सह सम्मुख हो, तत क्षण हनुमान ,
               विनीत भाव से कहे , अम्ब !तव दास हूँ .
मुद्रा का वहन कर ,राम से ही प्रेषित हूँ ,
               आप को ही शोधता , आपके ही पास  हूँ
तव नायक रत हैं , सत्य की प्रतिष्ठा हेतु , 
               राम के उद्देश्य हेतु , कार्य का विकास हूँ .
मायावी नहीं  मानिए , आंजनेय शाखामृग,
                राम-भक्त हनुमान , राम का विश्वास हूँ.

Monday, 5 December 2011

    
सेविकाएँ  मिल कर , विकट रूप धार लो,   
                      राम-प्रिया सो ना सके , हतबुद्धि चीखता है.
राज-वामा मानकर , मैने इसे मान दिया,
                     ठुकरा दिया  मान को , मंदबुद्धि चीखता है.
प्राण इसको प्रिय तो, कर मेरा थाम ही ले, 
                     न मानती लंकेश को , पापबुद्धि चीखता है.  
 खड्ग मेरी व्याकुल है,  रक्त पान चाहती है,
                     नर नहीं नारी सही , हठबुद्धि  चीखता है.
                        


राम-राम बोल कर , प्रिय-गुण गान कर ,
                कोसकर  स्व दैव को ,सीता   विलाप करे.
दशानन  को रोक के , मंदोदरी उसे ले के ,
               "अबला है"  कह  कर , शीघ्र प्रस्थान  करे.
निशाचरी तंत्र वहाँ , सुसक्रिय हो जाता है,
                  भयकारी  रूप  ले के , मन  उद्भ्रांत  करे.
हरि-भक्त त्रिजटा जो , सीता को संभालती है ,
                  रोकती है निशाचारी , सच का उद्घोष करे.


सुनो-सुनो सब सुनो,रावण के दिन चार ,
                          अघ-घट पूर्ण हुआ ,फटने ही वाला है.
निपट है अहंकारी , दृष्टिहीन तिस पर ,
                          पर दारा हर लाया , हटने ही वाला है.
कपि एक आयेगा ही , उधम मचायेगा ही,
                          लंक - देश उससे ही,जलने ही वाला है.
वारिधि बांधा जाएगा , राघव  बल आयेगा 
                           दशकंठ  रण  में जो ,मरने ही वाला है.
                                   
हाथ जोड़ त्रिजटा से , सती सीता बोलती है ,
                      त्रास  मेरा कट जाए ,  माता कुछ कीजिए .
प्राण कैसे धारूं अब , प्राणाधार मिले नहीं ,
                      प्राणाधार मिल जाए , ऐसा  कुछ कीजिए.
राम सुध लेते नहीं , प्रिय बिना व्यर्थ सब,  
                      प्राण  छूट जाए  अब , यत्न  कुछ  कीजिए .
मम राम विमुख होंगे, ऐसा नहीं लगता है,
                      वे भी अति खिन्न होंगे , राह कुछ कीजिए.                 
मध्य  दुर्वा खड़ी कर  , सीता बोली चुप शठ ,
              देख आज  दुर्वा साक्षी , संवाद जरूरी है.
सिंहासन साकेत का है, शेष  सब पट्ट मात्र ,
              मैं तो रानी राम की जो , निर्वाह जरूरी है.
भूत मेरे राम  रहे , वर्तमान राजा राम,
               भविष्य भी राम होंगे , विचार जरूरी है. 
देव-नर-नाग सब , नियति में बंधे हुए ,
               पर  आततायी  तेरा  ,  संहार  जरूरी  है 
                
रावण अधीर हो के , भाल पर बल दे के
                बार - बार खड्ग खींचे , भय भर जाता है.
वानर सचेत हो के ,  अंग सब समेट के ,
                दन्तावली भींचता है , क्रोध भर जाता है.
 मंदोदरी आगे आ के , दशानन को रोक के ,
                 सुनीति सिखाती है वो ,क्षोभ भर जाता है.
जानकी विलाप कर  , राम गुण-गान कर ,
                  स्वप्रीति को बताती है , कंठ भर जाता है.

सीता मात्र राम की है, राम मात्र सीता के हैं ,
                    सीता के हृदय पर , राम-माल शोभती .
नहीं रुचे कंठहार, मणि-माल पुष्प-माल
                    राम-भुज मेरी माल,वो ही माल शोभती.
वैभव मात्र राम का , और सब  दीन-हीन
                     मर्यादा में बंधी माल , वह माल शोभती.
रोमावली राम बसे, प्राणावली राम कहे
                     राम को ही समर्पित, प्राण-माल शोभती.

                              

Friday, 2 December 2011

सुदूर से आता हुआ , घर्र-घर्र नाद उठा ,

सुदूर से आता हुआ , घर्र-घर्र नाद उठा ,
              देखा आंजनेय ने , सैन्य - दल आता  है.
अग्र भाग गज-दल  , पश्च भाग अश्व - दल ,
              मध्य भाग भव्य-रथ , वेग सह आता है.
मृग एक दौड़ कर , दुखिया के अंक सटा ,
              शिशु मानो मातृ-अंक ,चढ़ा चला आता है.
 भय मारे भागते हैं, भोले - भाले वन्य जीव ,
              छिपते हैं जीव मानो ,ध्वंस चला आता है
             
सैन्य दल फैल गया , चक्राकार रचना में ,
                भव्य रथ रुक गया , दशग्रीव आया है.
ले के साथ नारियों को , आगे कर मंदोदरी ,
                छैला - रूप धर कर , हतबुद्धि आया है.
बुद्धिमंत हनुमान , शीघ्र ही समझ गये ,
                जानकी से मिलने को,मंदबुद्धि आया है.
सती सीता मुंह फेर , करुण विलाप करे ,
                 हाय ! राम शीघ्र करो , शठबुद्धि आया है.
                
हुआ सम्मुख लंकेश , सती से यूँ कहता है ,   
                  मुझ को स्वीकार करो , रक्ष-रानी  बन जा.
मेरे साथ पार्श्व-बैठ , सिंहासन कृतार्थ करो , 
                  वैभव तुम्हारा  होगा , राज-रानी बन जा .
भूत अब भूल जाओ , वर्तमान सम्मुख है,
                   भविष्य भी यही तय , भव-रानी बन जा.
देव-नर-नाग सब , हैं मेरे यहाँ तत्पर ,
                   सबको आदेश देना , पट-रानी बन जा.
         
        

Thursday, 1 December 2011

देखते हैं तत्र कपि , कुछ भिन्न भाग एक,
                   निर्मल आलोक वहाँ , सब कुछ शांत है.
विरुद्ध स्वभाव भूत , चर रहें साथ-साथ,
                    सिंह-अजा मित्र सम , द्वेष यत्र सांत है.
श्येन- व्याल साथ रह , अहिंसा भाव रचते ,
                    द्विज वहाँ उल्लसित,कोई नहीं क्लांत है.
सुधा सम नीर बहे, शीतल समीर बहे ,
                    विनीत हैं पञ्च-तत्त्व , कौन कहाँ भ्रांत है.


राम -चर वहाँ गये , अद्वितीय आकर्षण  ,                  
                      मंद-मंद वायु बहे , क्षीण जल-धार है .
शाख-शाख झूमती है , पत्र करे झरमर ,
                     रवि किरणे नाचतीं , सघन  गुंजार है .
सरल सरस ध्वनि , श्रुति को संपन्न करे,
                     तत क्षण आये शत, मन में विचार हैं.
ओह ! राम रमापति , निर्जन इस प्रांत में,
                     राम-राम मन्त्र गूंजे,कैसा व्यवहार है.
                    

सुरोहित सुवृक्ष से , आंजनेय देखते हैं ,
                   सुमुखी - सुमंगला वो , आम्र तले है रोती . 
अति क्षीण तन हुआ, शिथिल है गात्र  हुआ ,
                   बल - हीन वाणी ले के , राम को पुकारती.
भुज द्वय घुटनों पे , सर धर लपेटती  ,
                   जीर्ण हुई साडी खींच,खुद को वो ढांकती.
सज्जा हीन वेणी एक , प्रसरित भाल -बिंदु ,
                   घायल कपोती सम ,प्राण को वो धारती.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...