Monday, 26 December 2011

कपि श्री को प्रस्तुत कर , इन्द्रजीत बोलता है,
               प्रभु ! यह वानर  वो , जिसने  हिलाया  है .
अगणित रक्ष - भट्ट , आयुध अमोघ चले ,              
               इन्द्रजीत वीर को भी , छकाया-नचाया है .
वानर सम वानर , पर वानर ये नहीं .
              यह  कोई  सुदेव  है , शक्ति  को  पचाया  है.
अप्रतिम वीर यह ,ब्रह्म-शक्ति सह गया,
              आप जाने कौन यह ? स्वधर्म  निभाया है.

वाह - वाह  इन्द्रजीत  , आप अनुपम वीर ,
                        हमें बताया वानर , कैसा हृष्ट-पुष्ट है.
दर्शन में सरल है , अनुभूति ठीक नहीं ,
                        अतीव उत्पात  रचे , गुरुत्तर दुष्ट  है.
अक्षय कुमार क्षय , हुआ इसके कर से ,
                        अब नहीं बच पाये , दैव अद्य रुष्ट है . 
जाओ-जाओ वीर आप, श्रम- परिहार करो
                        इसको मैं देखता हूँ , लंकेश संतुष्ट है.

रक्त नेत्र लिये हुए , दशग्रीव बोलता है,
                       अरे ! कपि कौन तुम, लंका में हो कब से?
किस की है अनुमति , लंका में प्रवेश हेतु ,
                       इतना उत्पात किया , कौन से मंतव्य से ?
वन को उजाड़ कर ,कई सारे रक्ष मारे ,
                       अक्षय  कुमार  मारे ,  किस  अपराध  से  ?
राज दशानन अत्र , रक्ष -संस्कृति है अत्र ,
                       निश्चित  मारे जाओगे , किया जो विरोध है.
          

Sunday, 25 December 2011

विटप समूल तान , वर्तुल भ्रमण कर  ,
               दैत्य सारे लक्ष्य कर , दल  चपेट  लिया .
भुज द्वय खोल कर , रक्ष भींच - भींच कर ,
               मर्दन - कर्तन कर , वहीँ  निचोड़ दिया .
जातुधान चीखते हैं, कहाँ गये इन्द्रजीत ?
               हाय !हमें तोड़ दिया , अरे ! मरोड़ दिया.
मेघनाथ ध्यान कर , ब्रह्म - सर साध कर ,
               लक्ष्य कर वानर पे , तत्क्षण छोड़ दिया. 

देख कर  ब्रह्म - सर , कपि तत्र  चिंतते हैं ,
               कर दिया रोधन तो , ब्रह्म - अपमान है.
मानकर हरि- इच्छा, शक्ति को स्वीकार करूँ ,
                ब्रह्म-हरि -हर का ही , इसमें सम्मान है.
लक्ष्य भ्रष्ट होने पर , शक्ति रुकती ही नहीं ,
                जन-धन हानि होगी , पूर्व के प्रमाण है.
ब्रह्म-शक्ति माता आप , भवदीय सुपुत्र हूँ ,
                 कार्य सिद्धि आपसे ही , मम अनुमान है.
                     
स्फुलिंग उडाती शक्ति , आ लगी हृदय पर  ,
                 मानो स्वर्ण सुमेखला , मिली स्वर्ण श्रृंग से. 
लुंठित पवन-पुत्र , धरा पर फैल गये,
                 हाय ! शिशु सोया मानो , जननी के वक्ष पे .
राक्षसों  ने बंध बांधे , मूर्छित आंजनेय के,
                  सूम ज्यों सचेष्ट  होता ,  हाथ लगे  धन पे .
श्रम-कण छिटकता , इन्द्रजीत बैठ गया,
                  मिली  मुक्ति  मानो उसे , क्रूर काल  यम से .
               


देखा कपि श्री ने वहाँ , दुर्धर  सुभट आया,
                    दिवस में लिया मानो,अवतार तम ने .
श्याह-देह वक्र-मुख , घन सी गंभीर काया , 
                   मेघनाथ लगता था , रूप लिया घन ने ,
वज्रांग  हुंकार करे , गंभीर गर्जन करे ,
                   दैत्य के समक्ष मानो , रोष किया यम ने.
कुछ मरे  कुछ भागे , मेघनाथ चिन्तता है ,
                   वानर सा वानर या ,  कपि  रूप  हर  है.
                     
वीर द्वय भिड़ गये , रण होता कौशल से ,
                  ठेल - ठेल भिड़ते हैं , भिडंत दिखाते हैं .
मध्य में आते -जाते , अन्य रक्ष मारे जाते,
                  दाँव मार - मार कर , लड़ंत  बनाते  हैं .
अस्त्र-शस्त्र साध कर , घात-प्रतिघात कर ,
                  पूर्ण प्राण साधकर , सुखंभ टिकाते हैं.
श्रृंग चूर -चूर होते , धूलि-घन मंडराते ,
                  आग्नेयास्त्र चलते हैं , सुअंत रचाते हैं .

थाप मारी कपि ने , अचेत हो इन्द्रजीत ,  
                  लोट गया धरा पर , मानो कटा वृक्ष हो  .
शीघ्र ही सचेत हो के , बढ़ता है कपि ओर ,
                  कपि वृक्ष पर चढ़े , मानो यही  फल हो.
सुघात लगाते हुए , शाखा-शाखा कूदते हैं ,
                  चढ़ जाते दैत्य मार , मानो यही कर्म हो .
इन्द्रजीत विवश हो , कर गहे ब्रह्म - सर,  
                  मानो कपि साधने का , शेष यही पंथ हो .
                   




                    

Wednesday, 21 December 2011

चिंता- मग्न दशग्रीव , पूछता है पार्षदों से ,
            कैसे अवरुद्ध होगा , लंका में  प्रमाद जो ?
सभासद मध्य बैठा ,कनिष्ठ तनय बोला ,
            तात आज्ञा मिल जाये ,रोक दूं विवाद को.
लंकेश बोला तत्क्षण, आपको उचित होगा  ,
            यथा शीघ्र रुद्ध करो , कपि के उन्माद को .
अक्षय कुमार चला , सुभट को साथ लिये ,
             निमंत्रित कर बैठा , हाय रे ! वो काल को .

अक्षय कुमार गया , जहाँ हनुमान थे ,
            देख कर  शाखामृग ,  करता प्रहार है.
भ्रष्ट  कर प्रहार को , आंजनेय हूँकते हैं ,
            दैत्य - सैन्य मार दिये, मुष्टिका प्रहार से .
रावण तनय श्लथ , होकर के चिन्तता है,
            भोला हूँ विजया खाली ,बिना ही विचार से.
तभी उसके वक्ष पे , कपि ने आघात किया ,
            मृत्यु-मुख में गया वो , अल्प ही प्रयास से.

अक्षय कुमार क्षय, जान कर दशग्रीव ,
           मेघनाथ  कह भेजा , स्थिति  संभालिए .
लंका में उत्पात करे,शासन को भ्रष्ट करे ,
           यह कौन वानर है  ? जरा   पहचानिए .
सुभटों को साथ कर , अस्त्र-शस्त्र सज्जित हो ,
           जैसे भी हो ले ही आओ , वानर दिखाइए .
सीधी अंगुली से कभी , घृत हाथ आये नहीं ,
           अंगुली को वक्र  कर , कार्य  साध जाइए .            
            

Tuesday, 20 December 2011

वनपाल मिल कर , संगठित  हुए सभी ,
                 सब मिल वानर को , वन से  हटाते हैं  .
कपि श्री वहाँ किसी से  , बांधे नहिं बंधते हैं ,
                 दैत्य धूलि चाटते हैं , कुछ मारे जाते हैं .
क्षण भर में ही वन ,  क्रंदन से भर गया,
                 कुछ  सिर धुनते हैं , कुछ भागे जाते हैं.
लंकेश सम्मुख कहे , स्वामी क्षमा कीजिए ,
                 मीचु सम कपि आया ,रक्ष फाड़े जाते हैं .    

वृत्तांत श्रवण कर  , दशग्रीव चिंतातुर ,
                 भेजता है निशाचर ,सुभट व मल्ल को .
दैत्य देख कपि श्री को , उपहास उड़ाते हैं ,
                 अरे यह तुच्छ जीव , उचित चर्वण को. 
कोई कहे रज्जु लाओ ,  ले चलो सुबंधन में,
                 स्वर्णिम गात इसकी , उचित रंजन को.  
कपि क्रुद्ध  होते हुए ,  विटप से कूदते हैं ,
                  ठोर - ठोर हूंकते  हैं ,पीसते  रदन  को .
                 
जातुधान सैन्य दल, छिन्न-भिन्न होकर के,
                   कहता लंकेश से है ,  रक्ष  मारे गये हैं.
शाखामृग गुरुत्तर , निर्भय है बलशाली ,
                   बंधन नहीं लगते हैं, रक्ष  काटे गये हैं.
विद्युत वेग धावता , यकायक दृष्ट होता ,
                   भीमकाय रूप लेता, रक्ष  रोंदे गये हैं.
पद-तले चाँप कर , कई वीर खींच दिये ,
                   हाय !दो-दो अंश कर , रक्ष फेंके गये हैं.

Sunday, 18 December 2011

माता ! जग मंच सम , हम सब पात्र हैं ,
                   नाट्य व्यवहार  सम , खेलना ही होता है.
अब मुझे जाना होगा , सन्देश लेजाना  होगा ,
                    राज - कार्य रीती यह , करना ही होता है .
क्षुधा और प्यास से मैं , बहुत ही व्याकुल हूँ ,
                     उदर को उसका कर , चुकाना ही होता है.
आज्ञा हो तो माता अब , फल-फूल भोग लूँ ,
                     गुरु-जन की आज्ञा को , पालना ही होता है.
                       
सुमुखी विहंस कर , कहती है कपि श्री से, 
                     ओह ! वत्स आंजनेय,सुख से आहार लो.
समृद्ध अशोक वन  , बहुत ही कुटिल है ,
                     तृप्ति हेतु कौशल से , करना विहार को .
ममतामयी  आभारी,सुवत्स हूँ आज्ञाकारी ,
                      शीघ्र दूर करता हूँ , क्षुधा के विकार को .
कहते ही शाखामृग , चढ़ गये वृक्ष पर ,
                       मानो शशि-आकर्षण,खींचता है ज्वार को.

विटप से विटप को , आंजनेय कूदते हैं ,
                       गहरी हुंकार कर , शाख - शाख धावते.
कूर्दन - धावन कर , वन को झकझोरते ,
                        पत्र-पुष्प -फल  से ही , अवनी को पाटते .
भ्रष्ट हुई  शाखाएं जो ,  क्षपा सम चीखती हैं  ,
                         वनपाल  दैत्य  सब , भय  मारे  ताकते .
देखो-देखो कैसा कपि , निर्भय व्यवहार में ,
                          वन  को उजाड़ता  है , कह - कह भागते.
                                                 

Wednesday, 14 December 2011

ओह माँ  !  वात्सल्य युक्ता ,  उचित कथन  तव ,
                   होते होंगे वे मायावी, हम सिद्धि युक्त हैं.
देखो यह  महाकाय , वत्स अब  तुम्हारा है ,
                    वे सुभट- बलि होंगे , हम बुद्धि युक्त हैं .
कहते ही हनुमान , भूधर से हो गये.
                     उल्लसित सीता कहे , आप युक्ति युक्त हैं.
अब कोई शंक नहीं , अब कोई द्वैत नहीं ,
                      मुक्ति मेरी निश्चित है , राम शक्ति युक्त है 

 कंकण प्रदान कर , कहने लगी जानकी,
                  वत्स स्वामी से कहना , सीता मरी जाती है.
जैसे कर सिक्ता धरी , धीरे से खिसकती है ,
                  वैसी ही है प्राण - दशा , अब  श्वाँस  जाती है.
अब न विलम्ब करो , तन जर्जर हुआ ,
                   पक्ष  सब  विलग  हैं ,  हंसी  उड़ी  जाती  है . 
आशा के ही बल पर , प्रतिदिन लड़ती हूँ ,
                   निगोड़ी ये मृत्यु मुझे , खींचे चली जाती है. 

शाखामृग हाथ जोड़ , कहते हैं जानकी से ,
                    जननी विचार यही , रखना  उचित है .
तप में ही तपा हुआ , कुंदन निखरता है,
                    कुंदन को वह्नि-दाह , सहना उचित है.
शुद्ध स्वर्ण  मोल चढ़े , स्वर्णकार हाथ चढ़े ,
                    अलंकार  उसका  ही , गढ़ना उचित है .
सीता की नियति राम ,राम की नियति सीता,
                    प्रकृति - पुरुष रूप , मानना  उचित है.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...