Monday, 20 August 2012

जिन्दगी तुम दूर्वा सी ,


जिन्दगी तुम दूर्वा सी ,
कभी पल जाती हो ,
कभी थम जाती हो .

सुख-दुःख तेरे ,
दो हैं किनारे ,
साथ चले ये सांझ -सवेरे.
जिंदगी तुम नदिया सी ,
कभी बह जाती हो,
कभी जम जाती हो .

कोलाहल है ,
चुप्पी भी है ,
देह की गंध सरीखे तेरे ,
जिन्दगी तुम बदली सी ,
कभी चढ़ जाती हो ,
कभी फिर जाती हो .

आना-जाना ,
लगा रहा है ,
जैसे पंछी के नित फेरे ,
जिन्दगी तुम सहेली सी ,
कभी तुम आती हो ,
कभी तुम जाती हो .

तुम को समझूं ,
इधर-उधर से ,
कई प्रश्न अनुत्तरित मेरे ,
जिन्दगी तुम पहेली सी ,
कभी दिख जाती हो,
कभी छिप जाती हो .

तुम अपनी भी ,
तुम  पराई भी  ,
जैसे आ कर अतिथि रहते,
जिन्दगी तुम दुहेली सी ,
कभी सुलझ जाती हो ,
कभी उलझ जाती हो .

सुख जो मेरे अपने हैं


सुख जो मेरे अपने हैं ,
पल जाने को व्याकुल हैं .

उड़-उड़ जाऊं ले कर पंख ,
ले कर तितली के सब रंग ,
तितली जाये बाग-बगीचे ,
मैं जाऊं हर घर की छत .
सब जो मेरे अपने हैं ,
रिश्ते उन से घनेरे हैं ,
मिल जाने को व्याकुल हैं .

बढ़-बढ़ जाऊं ले कर तृण ,
ले कर गोरैया की चाह ,
गौरैया बांधे अपना नीड़ ,
मैं जाऊं हर घर के द्वार .
सब के अपने सपने हैं ,
टूटी छत के डेरे हैं ,
घर पाने को व्याकुल हैं.

बह-बह जाऊं ले कर पानी ,
ले कर नदिया का विश्वास ,
नदिया जाये सागर  पास ,
मैं जाऊं हर घर के पास.
पीड़ा सने हुए टखने हैं ,
दुःख का दलदल घेरे हैं,
सब बहने को व्याकुल हैं .

रम-रम जाऊं ले कर खेल,
ले कर बच्चे ,ले कर मेंल,
नांव तिराऊँ रेल चलाऊँ ,
अन्दर-बाहर रच दूं खेल.
सतरंगी आँगन रचने हैं,
सब आँगन जो मेरे हैं ,
सुख पाने को व्याकुल हैं .

Friday, 17 August 2012

तुम कब सभ्य बनोगे


रुको-रुको तुम यह क्या करते ?

कभी नोच दिया ,कभी काट दिया ,
कभी तोड़ दिया , कभी फोड़ दिया .

तुम कब सभ्य बनोगे
या ,
ऐसे ही रहना
अच्छा लगता ,
जैसे बन्दर रहते .

रुको-रुको तुम यह क्या करते ?

कुछ फांक लिया , कुछ चाट लिया ,
कुछ छीन लिया , कुछ बाँट लिया .

तुम कब सभ्य बनोगे
या ,
ऐसे ही रहना
अच्छा लगता ,
जैसे चौपाये  रहते .

रुको-रुको तुम यह क्या करते ?

कहीं दांत भींचते , कहीं आग झोंकते ,
कहीं हाथ खींचते , कहीं हाथ  मारते ,

तुम कब सभ्य बनोगे
या ,
ऐसे ही रहना
अच्छा लगता ,
जैसे हिंस्र वनेचर  रहते .

रुको-रुको तुम यह क्या करते ?

अनुशासन जानें , रीति-नीति जानें  ,
कोलाहल   जानें  , प्रतिक्रिया जानें .

तुम कब बन्धु बनोगे ,
या ,
ऐसे ही रहना
अच्छा लगता ,
जैसे अजगर रहते .

रुको-रुको तुम यह क्या करते ?

Wednesday, 15 August 2012

चाँद तुझ को आज मौका , मिल रहा है सुनहरा ,

चाँद तू भी है अनोखा , दाग को  ढोता रहेगा .
उनकी बोली बोलता  ,सच में तू तोता रहेगा .

यार तेरे सामने ही , लोग मारे जा रहे नित.
चांदनी से दीदे लड़ाने ,नभ में तू खोता रहेगा

साड़ियाँ कई तार - तार , देखी है तूने बार-बार.
अभिव्यक्ति को गूंगी बना ,यूं ही तू ढोता रहेगा .

भूख-भय के दंड से , लिपटा हुआ ही था तिरंगा.
भाषणों में  फहरा दिया , हाथ ही तू धोता रहेगा

कुछ दीवाने हंस मरे , तेरे लिए भी मेरे लिए भी  .
फिर दीवाने आ रहे , चुप-चुप ही तू रोता रहेगा.

चाँद तुझ को आज मौका , मिल रहा है सुनहरा ,
ले मशालें चल पड़ो अब , होगा जो होता रहेगा.

Friday, 10 August 2012

जय श्री राधे - कृष्ण बोलो , मन से एक ही बार .

                                                    


                                                    मकर ग्रसित गजराज पुकारे ,पा गये तुरत उद्धार.

                                                    रंक  सुदामा  नृप  बन राजे ,श्री कृष्ण बहुत उदार   

                                                    जय श्री राधे - कृष्ण  बोलो , मन  से  एक ही बार .

                                                    त्रिभुवन स्वामी राधा - प्यारे , देगा खुशियाँ हजार .

   

Saturday, 4 August 2012

जगो कवि ! दिवस हो गया.


शिशु भोर की प्रथम किरण ,
दस्तक देती मेरे द्वारे ,
जैसे गोपालिन आकर के ,
गोरस लिए हुए पुकारे ,
जगो कवि ! दिवस हो गया.

शीतल वायु हुई प्रवाहित ,
मेरी चादर हिला गयी है ,
मानो कोई हॉकर आ कर ,
अखबार लिए दस्तक देता ,
जगो कवि ! दिवस हो गया.

प्राची में पेड़ों के पीछे ,
लिए अरुणिमा सूर्य निकलता ,
जैसे कोई चंचल बालक ,
रंगीन गुब्बारे लिए गा रहा  ,
जगो कवि ! दिवस हो गया.

घर पिछवाड़े कोयल जागी  ,
कु-हू कु-हू कर कूक लगाती ,
सोती भावज ज्यों करे शरारत  ,
गये स्वप्न आपाधापी आती ,
जगो कवि ! दिवस हो गया.


Wednesday, 1 August 2012

रंगीन चिट्ठी


आज सुबह से ,इंतज़ार है ,
मुझे डाकिये का ,
औए उस रंगीन चिट्ठी का,
जो साल में ,
एक बार ही आती है ,
और -
बिल्कुल अलग आती है ,
जैसे श्रावणी रिमझिम बरसात .

उस चिट्ठी में ,
होती है रिश्तों की गंध ,
रक्त का बंध ,
और -
बहिन का प्यार ,
जिसे वह सजाती है ,
रंगीन अक्षरों में ,
किनारों पर किये बेल-बूटों में ,
तथा,
कभी-कभी भावुक हो कर ,
छिटक देती है , रंगीन चिट्ठी पर ,
अपनी आँखों का निर्मल जल ,
हुई है अभी -अभी ,
जैसे श्रावणी रिमझिम बरसात .

मुझे इंतज़ार है ,
उस रंगीन इन्द्रधनुषी चिट्ठी का ,
जिसमें लिपटा हुआ आता है ,
हाथ का मढ़ा हुआ ,
रेशम का धागा ,
लगता है जैसे ,बड़े यत्न से,
दिल ही बट कर ,
भेज दिया मेरे लिए ,
और -
जब मेरी कलाई पर ,
लिपटता है वह रेशम का धागा ,
तब मुझे वह धागा ,
धड़कता सा महसूस होता है ,
तब मेरी आँखें उमड़ जाती हैं ,
उमड़ आई हो ,
जैसे श्रावणी रिमझिम बरसात .

जब भी आता है श्रावणी-पर्व ,
तब मैं चला जाता हूँ ,
नदी के खुले घाट पर ,
और -
पढ़ता हूँ गायत्री ,
परन्तु सच कहता हूँ बहिन ,
मेरा मन ,
उलझा रहता है ,
तेरी रंगीन चिट्ठी में ,
बोझिल कदमों  से,
भरे हुए मन के साथ ,
लौटता हूँ घर ,
तब छुटकी दौड़ कर ,
ला कर देती है तुम्हारी चिठ्ठी ,
तब-
मन में बज उठता है जल-तरंग ,
आखिर ,रक्षा-बंधन  जो है,
और ,
आँख चू पड़ती है ,
जैसे श्रावणी रिमझिम बरसात .


संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...