Thursday, 8 November 2012

मेरे प्यार का , इम्तिहान न लो .


मेरे प्यार का ,
इम्तिहान न लो ,
चलो भी यहाँ से ,
कुछ देर घूम आयें,
और
छोड़ दें ,वे मील के
पत्थर सी जमी हुई
हमारी दुरभिसंधियाँ .

यह ठीक नहीं किया ,
रो-रो कर बहा दिया ,
सितारों सी चमकती ,
आँखों का अंजन.
खुल कर बिखर गयी,
मसृण काली केश राशि ,
जैसे बिखर चली हो ,
गाँव पहुँचाने वाली ,
वक्रिल पगडण्डीयाँ ,
उन्हीं  में उलझ कर ,
मैं तो रह गया हूँ ,
चलो कहीं चलते हैं ,
जहां छूट जाए उलझन ,
मिले कोई ठोर-ठिकाना.



तुम्हारे प्रश्न हमेशा ,
बहुत ही छोटे होते हैं ,
पर वे सब के सब बहुत
जटिल हुआ करते हैं ,
जैसे उलझे हुए ,
लाल-पीले गुडिया के बाल,
वे उत्तर से पहले ही ,
मेरे मुंह में गुल जाते हैं,
छोड़ जाते हैं मधुर स्वाद.
मैं मुग्ध हो कर तुम को ,
बस देखता ही रह जाता हूँ ,
और ,
तुम उसे मान लेती हो ,
अपनी ही अवमानना ,
चलो भी अब ,
तुम्हारे सभी प्रश्नों का हल ,
कहीं एकांत में बताता हूँ ,
यहाँ बहुत भीड़-भक्का है,
तुम बहुत शर्म कोगी.

हमारी दुनिया में ,
नित होते रहते हैं ,
छोटे-बड़े नाटकीय खेल,
हम हैं कि ,
हर रूपक में.
जोर-शोर से अपनी भूमिका,
कस कर खेलते हैं ,
लेकिन,
हर रूपक का अंत ,
बहुत त्रासद होता है ,
और ,
सँभलने से पहले ही,
नव भूमिका में हमें ,
धकेल दिया जाता है ,
अंत में,
पुनरावृत होता है ,
फल के रूप में त्रासद अंत ,
चलो भी कहीं अलग ,
जहां हम ही रचें कोई ,
छोटा सा मधुर  रूपक ,
त्रासद अंत से विलग .

आज के हाइकू - मन पतंग



*****************

चढ़ती जाये ,
आशा की डोर लिये,
मन पतंग .

*****************

होती नवीन ,
आशा के बाजारों में ,
मन पतंग .

*****************

खूब चिढ़ाती ,
इठलाती दिखती ,
मन पतंग .

*****************

कट जाती है ,
खुले पेंच लगाती,
मन पतंग.

*****************

घर के आगे ,
वे धरी रह गयी ,
मन पतंग .

*****************

समय लिये ,
चिंदी हुई रखी है,
मन पतंग.

*****************

आज के हाइकू - रब जो मिला .




*********************

देखा उस को  ,
हुआ आनन लाल ,
कमल बना .

*********************

निरा बांस था,
जब से होंठ चढ़ा ,
बंसी ही जाना .

********************

कोरा कागज़
ढाई आखर ले के ,
दिल पे आया.

********************

तुम जो आये ,
भरी दुपहरी में ,
सावन आया .

********************

सब दे कर ,
सब कुछ पा लिया ,
रब जो मिला .

********************

Tuesday, 6 November 2012

आज के हाइकू- यही प्यार है.



धरा जली तो,
बादल गर्जे-वर्षे,
यही प्यार है.

*****************
आग कहीं पे ,
है जलन कहीं पे,
यही प्यार है.

*****************
इक जाता है ,
इक द्वार पे रोये,
यही प्यार है.

*****************
आँखें बरसी,
तब दामन भीगा,
यही प्यार है.

*****************
उस ने सोचा ,
उसे हिचकी आयी,
यही प्यार है.

*****************

Sunday, 4 November 2012

आज के हाइकू - संभव कैसे ?



परिधि ले के ,
है प्रिय से मिलना ,
संभव कैसे ?
*****************
लगा अडंगा ,
है चाह बढ़त की,
संभव कैसे ?
*****************
कटु वक्ता को,
हो सुगीत श्रवण,
संभव कैसे ?
****************
प्रतिभा-पानी,
तरल-सरल ना,
संभव कैसे ?
****************
आग लिए तू ,
अब सो सकता है ,
संभव कैसे ?
***************

Thursday, 1 November 2012

रोटी भी कच्ची मिलेगी तुम कहो .



लिजलिजी बातें न तो अब तुम कहो.
कुछ  खरी  बातें  सुनें  जब तुम कहो.

कुछ  खतों को छोड़ कर वह चल पड़े .
उन  खतों की बात को अब तुम कहो .

नित  नये  नाटक यहाँ पर दिख  रहे .
कौन  इन  का  है  नियंता  तुम कहो .

जब  तुझे बोसा दिया तब तुम खिले .
पलट  के देखे  न  वे क्यों  तुम  कहो.

कुछ  लुटेरे  लूट  के अब   बस  गये.
अब  ज़रा  उन के ठिकाने  तुम कहो .

खबर  देने   का  भरोसा   कर   गये .
वह  कहाँ  सोये  पड़े अब  तुम  कहो.

आग-इंधन  भी  यहाँ  सीमित  हुए .
रोटी भी कच्ची  मिलेगी तुम  कहो .

करवा चौथ पर हाइकू



( १ )
चाँद सलोना ,
चमक गगन में ,
घर भी आया .
********************
( २ )
वह मुस्काई ,
नभ खिली चांदनी ,
घर मुस्काया .
********************
( ३ )
भाल पे बिंदु ,
देख चाँद लजाया ,
घर हर्षाया.
********************
( ४ )
चन्दा-मुख पे ,
लट्टू नन्द किशोर ,
घर पे आया.
*******************
( ५ )
चाँद-चांदनी ,
जुग-जुग रहियो ,
घर ने गाया.
*******************

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...