Wednesday, 20 February 2013

अभिव्यक्ति के पर आये हैं


चिड़िया की हुई बगावत है , ज़रा संभल के चल .
कबूतर ने भी पर खोले हैं , ज़रा संभल के चल.

तेरे कलदार चला करते थे , कभी खुले गगन में .
अब तेरी टकसाली बंद हुई , ज़रा संभल के चल .

तेने अपने पंख फैला कर , हरदम डर घोला था.
सब परिंदे उड़ने को आतुर , ज़रा संभल के चल .

काल सरीखे तेरे पंजों ने , तन-मन चीर दिये थे .
चिड़िया ने चोंच उठाई है , ज़रा संभल के चल.

तेरे काले साये से डर कर , जो पेड़ों में छिपते थे,
वे सब मरने को ही चल पड़े , ज़रा संभल के चल .

ठकुरसुहाती करने वाले , ओ काले कौए तू सुन .
अभिव्यक्ति के पर आये हैं , ज़रा संभल के चल .

                                - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Sunday, 17 February 2013

संवेदना तो मर गयी है


एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह .
तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह .

आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा .
तेरा बदलना चुभ रहा , महीन रेत की तरह .

गर्म नारों से बदलना , चाहते थे हम सभी को ,
अब हवा में उड़ रहे हो , शुष्क पत्ते की तरह .

मेरी कमीजों पर कभी , तुम गुलाब से थे सजे .
अब हो गए भाव वाले , तुच्छ कागज की तरह .

दुःख नहीं है इस बात का , पास मेरे आते नहीं
खून तेरा क्यों हो गया है , खार पानी की तरह .

लोग अब भी आश्वस्त हैं , राहतें ले आयेगा ही.
वे आसमान में ताकते हैं , भक्त लोगों की तरह .

अब मुझे मालूम है कि , दिल तेरा सुनता कहाँ .
संवेदना तो मर गयी है , व्यर्थ उपमा की तरह.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Thursday, 14 February 2013

अग्नि पे चुम्बन उगते हैं.


आशाओं  पर सब पलते हैं .
तप के ही अंकुवे निकले हैं .

मांझी सोचे ,
किश्ती लेकर .
घर आऊँगा ,
खुशियाँ लेकर .

कौन कहे वह ,
घर को आये .
कौन कहे वह ,
सागर बस जाए .

लहरों पर मांझी चलते हैं.
छोटी किश्ती पे मचले हैं.

वो दीवाने  ,
तट  आते हैं.
लहर पीट के ,
घर भरते हैं.

रात कटी है ,
अपने ले कर .
भोर चले फिर,
सपने ले कर .

झंझा पर सपने बसते हैं.
अग्नि पे चुम्बन उगते हैं.

कल उन का भी ,
घर होगा .
घर में किस का ,
डर होगा .

गर्म तवे से ,
गंध उठेगी .
मृदुल भुजाएं ,
अंक कसेगी.

आशाओं  पर घर चलते हैं .
पतझड़ पर बसंत फलते हैं .

                    - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

.

Tuesday, 12 February 2013

यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.



यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.
सोलह कलाएं लिए, चाँद हो आकाश का .

जिंदगी तकली बनी ,
गोल-गोल घूमती .
यादों का कपास लिए ,
नर्म सूत्र कातती .

बंध उन के खोल दूं  ,खेत हो कपास का .
यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.

दिन कमल सा खिले ,
यादों का सूरज लिए .
दिन कमल सा ढले ,
यादों का सूरज लिए .

यादें नित्य काटती , वेग प्रीत प्रवास का.
यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.

मोन की आयोजना में ,
सलवटें ही बोलती .
सच कहूं तो जिन्दगी ,
बावरी सी डोलती .

हर गली में शोर है , यादों के उजास का .
यादें ऐसे गुंथ गयी  , फूल हो कपास का.

                                           -त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Sunday, 10 February 2013

उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .



उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .
किनारा ही पा लिया है जो तुम आये .

अंधेरों में बहुत कड़वे ,
घूँट ही उतारे हैं .
कई कंकड़ कई कांटे ,
हाथों से बुहारे हैं .

बहुत घावों को भूले हैं जो तुम आये .
उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .

होठों को बंद किये बैठे ,
थे बहुत पहरे .
सुनता कौन हमारी पीर ,
थे सभी बहरे .

गूंगे भाव गीत बन बैठे जो तुम आये .
उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .

चलो छोडो उनको अब,
हमें क्या कहना है .
दरिखाने में फूलों को ,
उन्हीं को सहना है.

आँखों से नहीं दिखता जो तुम आये .
उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .

                    - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.


Saturday, 9 February 2013

कहे चेतना , दिल से सुन .


कुछ कहता हूँ , उस को सुन .
दिल की बातें , दिल से सुन .

कागज़ की नौका,
जल की धार.
मिट्टी का माधो
लिये पतवार.

आँख से देख , ठीक से सुन .
धारा का वेग , दिल से सुन .

नौका तिरती  ,
धारा-अनुकूल .
नौका डूबती ,
धारा-प्रतिकूल .

सुप्त चेतनता ,जागे तो सुन .
क्षण भी बोले , दिल से सुन .

अनुभव-अनुभव ,
अपनी ही पूँजी .
दिव्य चेतना ,
सब में ही कुंजी.

हाथ बोलते , क्षण से सुन .
कहे चेतना , दिल से सुन .

                     - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Friday, 8 February 2013

अंतिम क्षण तक

बहुत दूर से ,
कोई निमंत्रित करता है ,
पर ,
मैं हूँ कि,
लाख प्रयत्नों के ,
बाद भी जा नहीं पाता हूँ ,
मुझे डर है अपनी ही जड़ों से,
कट जाने का 
और,
अपनी जड़ों की ,
मिट्टी को खो देने का.

मैं जिस धरा पर खडा हूँ ,
वह चोकोने कागज़ की तरह ,
रोज बंट रही है,
बंटी हुई धरती के टुकडे 
कागज की पन्नियों की तरह ही ,
इधर से उधर छितर रहे हैं ,
मैं जिस टुकडे पर खडा हूँ ,
वह भी रोज हिलता है ,
शायद एक दिन वह टुकड़ा भी ,
अन्य टुकड़ों की तरह उड़ जाएगा ,
और ,
वह जगह ,
किसी अन्य की होगी ,
तब मेरे हल्के भार पर ,
भारी पेपरवेट हंसेगा.

हर बार पत्र में लिखा होता है -
चले भी आओ ,
आखिर वहां क्या रखा है ?
जो भी तुम वहां रह कर ,
नहीं जुटा सके ,
वह सब का सब तुम्हे ,
अनायास ही यहाँ मिल जाएगा .
....................( ऐसा ही बहुत कुछ )
हर बार मुझे उन पत्रों पर ,
चिढ हो आती है ,
मैं उन्हें अपनी करतली में, 
भींच-भांच कर ,
जोर से धरा पर पटक देता हूँ ,
हाँ , उसी धरा पर ,
जो कागज़ की तरह ही ,
रोज-रोज बंट रही है ,
लेकिन इस बंटती हुई ,
धरती से भी, 
मुझे बेहद लगाव है,
क्योंकि ,
मेरी पहचान इसी ,
बंटती हुई धरती से है ,
और ,
इस पहचान को बनाने में ,
मेरे जीवन का स्पंदन ,
किसी भव्य अनुष्ठान की ,
मंत्र-आहुति में ,
समिधा सा आहूत हुआ है .

मेरे साथ पनपता है ,
कोई महावृक्ष ,
पादप -लता या झाडी भी ,
तो मुक्त हो कर पनपे ,
उस से तो मुझे सदा ही ,
परितोष मिलेगा ,
क्योंकि ,
सब के होने पर ही ,
यह संसार फलीभूत होता है ,
तब इन संस्थितियों में ,
मेरा भी होना ,
अत्यावश्यक सा है .
यही विचार मुझे निरंतर ,
अपनी जड़ की मिट्टी से ,
जोड़ रहा है ,
मेरे जीवन के अर्थ समान ,
इसीलिए मेरा प्रयत्न है -
यहीं खडा रह , यहीं जमा रह ,
अंतिम क्षण तक रोक रखूँ ,
इस धरा को बटने में कागज समान.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...