Saturday, 16 March 2013

कविताओं के विद्रोही स्वर


यदि कितना अच्छा होता ,
तुम मेरे दिल की ,
उन तमाम बातों को जान जाते ,
जिन्हें मैं व्यक्त नहीं कर पा रहा हूँ .
जो कि अन्दर ही अन्दर ,
इस तरह उमड़-घुमड़ रही होती है ,
जैसे कोई चक्रवात ,
हाँ उसी चक्रवात की प्रतिक्रिया में ,
मेरी कविता को समझें  .

जिंदगी कहाँ होती आसान ,
कई उतार-चढाव से ,
भरा हुआ है उस का विरल सफर ,
जिस में उतरते-चढ़ते लोग ,
हांफते मिलते हैं ,
लगता है -
कभी किसी बीच चढ़ाई में ,
अब दम निकला कि अब दम निकला,
बस ऊपर चढ़ते जाते हैं,
प्राणवायु की आकांक्षा में बेचारे.

कन्धों पर आरूढ़ ,
घर-परिवार का बोझा भी ,
चिपका हुआ है ,
किसी बैताल की तरह
हाँ , यही बोझ ढोते-ढोते ,
पहुँच जाते हैं यहाँ-वहां ,
जिस से और भी कसैली ,
हो जाती है जिजीविषा,
पर इसी कसैले जीवन से ही ,
कुछ अमृत बूंदों की संभावनाओं में ,
सब सहते हैं ,
जो सहना भी नहीं होता आसान .

तब उसी की प्रतिक्रिया में उपजे ,
कविताओं के विद्रोही स्वर ,
उसी कसैले जीवन में ,
मर्म भेदती वीणा के स्वर से  ,
स्वर भर देते हैं ,
इस स्वर-संजीवन के प्रभाव से ,
फिर मृत संसार खडा हो जाता ,
एक हल्का सुरभित ,
प्राणवायु का झोंका फहरा जाता है ,
ले जीवन का केतन ,
जीवन की नयी फसल ,
फिर लहरा जाती ,
जैसे फागुन में हो जाती है ,
नवसंवत्सर की तैयारी.

               - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

इस के भी कुछ मायने हैं.

फूल खिला तेरी नजर से , इस के भी कुछ मायने हैं .
फूल गिरा तेरी नजर से , इस के भी कुछ मायने हैं .

एक बिरवा जो तूने लगाया , फूल भी थे कांटे भी थे .
वो ही बिरवा तूने उजाड़ा , इस के भी कुछ मायने हैं .

कह गए थे बुजुर्ग हम से , तुम राह सब निर्मल रखो .
तू ने राहें उलझा रखी तो , इस के भी कुछ मायने हैं .

लहू से सने हैं पैर सब के , वो दोष भी हम पर मढ़ा है.
तू ने चाकू घर में छिपाया , इस के भी कुछ मायने हैं .

कह रहा था तू ही सभी को , उपवास पर है दिन टिका .
तेरी दाढ़ में हड्डी फंसी तो , इस के भी कुछ मायने हैं .

फौज मरियल सी खड़ी कर , तू ने भी खूब आंसू बहाये.
तेरी सुविधाएं बढ़ गयी नित , इस के भी कुछ मायने हैं.

तिस्नगी में कितने मरे हैं , उन की मैयत में तू न था.
उन की शहादत कह रहा तू , इस के भी कुछ मायने हैं.

लोग अंगुल दो ऊंचे हुए कुछ , कद तेरा छोटा हुआ तब.
तब पैरों में चलाई थी करौती, इस के भी कुछ मायने हैं.

कुछ लोग कुदाली थामते हैं , कुछ कद तेरा भी नापते .
कुछ लोग मिट्टी खन रहे तो , इस के भी कुछ मायने हैं.

                            - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्

डुगडुगी कब से बजी है

डुगडुगी कब से बजी है , जोर की बाजी जमी है
तमाशबिन भी आ गये , भीड़ बढ़ती जा रही है

इक जमूरा सामने आ , बाजीगरी से टकरा रहा
कश्मकश के माहोल में , सांस थमती जा रही है

खाली कटोरा उठ गया , खाली ही पलटा गया है
फिर कई जो गुल खिले , ताली बजती जा रही है

बालिस्त भर का जमूरा , अब जमीं पर सो गया
दो टूक देखा बाजीगरी में ,आँख बहती जा रही है

एक सन्नाटा पसर कर , भीड़ को है जड़ कर रहा
छटपटाता देखा जमूरा , भीड़ सुबकती जा रही है

भावना की बाजियों में , आदमी की चालें खुली हैं
बाजीगरों की साजिशों में , भीड़ फंसती जा रही है

पहले तो गुल का खिलाना , फिर जमूरा काटना
हमदर्दी से बाजीगरों की , जेब भरती जा रही है

ये डुगडुगी ये बाजीगिरी , रोज की सौदागिरी भी
बीच चौराहे पर ही चलेगी , भीड़ जुटती जा रही है

ले ने को तो सौदा गये थे , हाथ खाली लौट आये
क्या करे ये ग़ालिब बिचारे , जेब कटती जा रही है

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Saturday, 9 March 2013

जिंदगी का हाट ही ना मिलता.

उम्र का दरिया बिखर जाता , यदि तेरा किनारा ना मिलता.
फिर ये दुनिया भी ना होती , जिंदगी का हाट ही ना मिलता.

तेरे पहलू में सिमट कर के , हर कोई खोलता अपनी आँखें.
ज़रा सा भी वो खिसक जाए , फिर कौन है जो यहाँ मिलता.

तू एक हौवा इस महफिल का , तेरे रंग जो हजारों पे हजार .
तेरे रंगों की होती ना बारिस , गुलशन गुलजार ना मिलता .

तू नूर है जो फैला हर ओर , जिस के लिए जुकता खुदा भी.
तेरी रहमते ना होती यहाँ पे,खुशियों का उजाला ना मिलता.

तेरे होठों पे देखी है हंसी ही , भले दिल में रहा दर्द का दरिया .
तेरी नर्मी के गलीचे ना होते, मुहोबतों का रिश्ता ना मिलता .

हर रूप में तेरे कदमों ने ही , मेरी जिंदगी को सदा ही निहारा.
ऐ नूर !मेरा क्या होता यहाँ पे , जो तेरा सहारा ही ना मिलता.


- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द .

ब्रह्म-राक्षस

उस की अपनी ऐंठन है ,
उस ऐंठ में ही ,
ढो रहा है कई सारी गांठे ,
उन गांठों में फँस गया है ,
फंसा-फंसा ही चिल्लाता है ,
ब्रह्म-राक्षस सभ्यों के मध्य .

ब्रह्म-राक्षस चीखता है ,
अपनी भयावह डकारों से,
सारा वातावरण कर देता है कसेला ,
अपनी समस्त चेतना को ,
लगाए रखता है ,
हर उस व्यक्ति को चबा जाने में ,
जिसने भी काटा है रास्ता ,
उस के बरगद के नीचे से .

सभ्य डरते हैं ,
उस के अदृश्य व्यक्तित्त्व से ,
उस की हिंस्र अभिवृत्तियों से ,
उस की तुच्छ प्रवृत्तियों से ,
उसकी गंदली विचारधार से,
तिस पर वह ब्रह्म-राक्षस जो है ,
हाँ , वह ब्रह्म-राक्षस ,
पैदा हुआ है ,
किसी त्रस्त आत्मा के शाप से ,
जिस के कारण ,
भटकता है वह शापित ब्रह्म-राक्षस ,
उस के ही अपने अन्दर ,
अपने ही अहम् के जंगल में .

यह और भी बुरा हुआ ,
उसे बोध हो गया है कि
वह है ब्रह्म-राक्षस ,
जिस का तोड़ नहीं है किसी के पास,
क्योंकि वह अच्छे से जानता है ,
सभ्य नहीं जानते ,
शाबर मारण-उच्चाटन मन्त्र ,
रक्षा या कीलक मन्त्र ,
इसीलिए तो वह ,
भयंकर अट्टहास कर ,
स्वच्छंद होता चला जा रहा है ,
हाँ एक बात है ,
सभ्यों का मोक्ष तो निश्चित है ,
पर ब्रह्म-राक्षस ,
जन्म-जन्मान्तर ,
अपनी ऐंठन की गांठों में ही ,
संत्रास भोगता रहेगा ,
बेचारा....... " ब्रह्म-राक्षस " ,
उस के प्रति मेरी सहानुभूति है,
बेचारा............................

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Saturday, 23 February 2013

अब सहा जाता नहीं .



सरोवर में नित्य कंठ सूखे , अब सहा जाता नहीं .
पानी का मर जाना हम को, अब सहा जाता नहीं.

हलक तर करने के लिए ही , हम सरोवर खोदते .
खुले में अधिकारों का मरण ,अब सहा जाता नहीं.

शुष्क  होठों पर जीभ फिराये , सांस लेते जा रहे हैं.
पर मछलियों का वो तडफना,अब सहा जाता नहीं.

कल तलक तो हम सोचते , आयेंगे वे पानी लिए.
पर धुंआ उड़ाते लौट आते , अब सहा जाता नहीं.

तड़फती पाई मछलियाँ को , पहले सहलाना है .
फिर दावतें उन की उड़ाना , अब सहा जाता नहीं.

जल  रही  थी बस्तियां तब , उन को कहाँ  देखते.
वो भीड़ में उनका सिसकना ,अब सहा जाता नहीं.

हाथ उनके बढते  प्यार से , सहलाने  में गाल को .
फिर पेट की तली  नापना , अब सहा जाता नहीं.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.


दहशत लाये हैं ,कुछ पागल हैं .


कुछ  वहशी हैं , कुछ पागल हैं .
दहशत लाये हैं ,कुछ पागल हैं .

सभी चल दिये , अमन की डगर.
अमन कुतरते वे ,कुछ पागल हैं .

प्यार से गीली हैं , गली हमारी .
नमक बिछाते वे ,कुछ पागल हैं.

मिले हुए दिल ,कटते भी कहीं .
काटने पर तुले , कुछ पागल हैं.

पकी हुई फसल , मुहोबतों की .
रास नहीं जिन्हें , कुछ पागल हैं.

सेकना चाहते ,सियासती गोटी .
वे जलाते बारूद ,कुछ पागल हैं .

जानते ही नहीं , हमारी फितरत .
हम मिट्टी में सने,कुछ पागल हैं.

मिट्टी में जियें हैं , मिट्टी में मरेंगे .
तबियत ही ऐसी , कुछ पागल हैं.

तिरंगे की कसम ,यार अब सुधर.
चिरोरी होगी नहीं, कुछ पागल हैं.

बारूदी धमाके , मार सकते नहीं.
मर-मर के जिए ,कुछ पागल हैं.

मिटाने पर भी ,जो मिटती नहीं .
हस्ती हमारी भी , कुछ पागल हैं.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द .

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...