Monday, 6 April 2015

प्रेम के सन्दर्भ में

रखी गई खिड़कियाँ
हवा के लिए
उजास के लिए
बाहर की ओर दिखाई दे अपना
उसे अपने पास बुलाने के लिए I
रखी नहीं गई खिड़कियाँ
घुटन के लिए
आस-पास अँधेरे को
बनाए रखने के लिए
बाहर फैले हुए रिश्तों की
लता को काटने के लिए I
खिड़कियों पर डाल देना
झीनी-झीनी सी यवनिका,
परन्तु,
सटा कर निर्जीव कपाट
चढ़ा मत देना अर्गला,
नहीं तो मर ही जाएगी
चिड़िया सी पलती
नाजुक सी संभावनाएं
जो कि, जरूरी हुआ करती है
जीवन-यौवन के स्पंदन के लिए I
छोड़ दिया है मैंने
अब करना प्रार्थनाएं,
कर लिया है तय
खिड़कियों के तले खुलकर पुकारना,
जिससे तुम खिड़कियाँ खोलकर
झांको मेरी ओर
और मैं तुमसे बना सकूं संवाद
प्रेम के सन्दर्भ में साथ चलने के लिए I
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

उपहार नहीं ला सकता

प्रिये! अब न पूछो -
इतनी देर कहाँ रह गया,
घर आकर भी
कौन सा तीर मार लेता,
मेरे हाथों में तुम्हारे लिए 
उपहार तो था नहीं
जो जल्दी आ जाता,
तुम्हें खुश करने के अवसर
मेरे हाथों से ऐसे फिसले
मानो भरी झील में
हाथ लगी रोहू फिसल गई I
प्रिये! तुम इतनी देर तक
प्रतीक्षा में
रात-रात भर क्यों जागरण करती,
मुझे भय नहीं लगता
अंधेरों से,
मुझे भय नहीं लगता
अतिवादियों से,
क्योंकि छले तो दिन में भी जाते हैं
मारे तो अपने लोगों से भी जाते हैं
इसलिए अंधेरों में
भटक गए
दोस्तों की तलाश करता हूँ I
प्रिये! तुम मेरी उदासियों से
इतनी अधिक
खिन्न न हुआ करो,
ऐसा कौन सा
सीता स्वयंवर का प्रसंग
चल रहा है,
जिसे देखकर प्रसन्न हुआ जा सके,
अब तो जहाँ-तहाँ
स्वर्ण मृग के प्रसंगों को सुन-सुन
ह्रदय बैठ जाता है I
प्रिये! तुम भूख की
मोटी चादर
क्यों ओढ़े रखती हो,
मेरी भूख और प्यास
के प्रसंग
मेरी सूची में
सबसे अंतिम क्रम पर हैं,
पहचान की जद्दोजहद में
इतना व्यस्त हूँ
इन पर मेरा चिंतन ही नहीं जाता,
हाँ, दोस्तों से
अस्मिता के सवाल पर
बतियाते हुए,
चाय और बिस्किट तो
ले ही लेता हूँ
और इसीसे मेरा काम भी
चल ही जाता है I
प्रिये! तुम्हारी स्मृतियों में
बने रहने के लिए
क्या-क्या नहीं करता,
मैं कृतज्ञ हूँ
तुम अपनी स्मृतियों में
मुझे बनाए रखती हो,
मुझे खेद है कि
तुम्हारे लिए उपहार नहीं ला सकता I
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

मैं प्रेम करता हूँ

तुम जानते हो
तुम्हारे सवालों के जवाब
मैं नहीं दे सकता,
फिर भी
पूछ ही लेते हो 
वे ही सवाल
जिनको पूछ चुके हो
कई-कई बार मुझको,
जिनकी करते हो
बार-बार आवृत्ति
जैसे ऋतुचक्र के
आने–जाने पर
जलते मौसम की
हो जाती है पुनरावृत्तिI
मैं प्रेम करता हूँ?
शायद हाँ,
इसलिए कि
मैं इसके बिना
रह नहीं सकताI
मैं प्रेम करता हूँ?
शायद नहीं,
इसलिए कि
मैं प्रेम को
अभिव्यक्त
नहीं कर सकता I
कभी-कभी
सवालों के जवाब
शब्दों से
नहीं मिला करते,
शब्दों के स्थान पर
कांपते हुए होठ
थरथराती देह
अपलक आँखें
और
अपराधबोध का भाव
देते चले जाते हैं।
लेकिन,
वाणी सुनने को
हठी कर्ण
मूक जवाब
स्वीकार नहीं करते
जैसे आत्ममुग्ध जन
अन्य को
नहीं गिना करतेI
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

प्रिये! तुम नदी सी

प्रिये! तुम नदी सी
निर्मल और मधुर जल से
परिपूर्णा तुम,
प्रिये! तुम नदी सी
निरंतर प्रवाहिता गति से 
वेगवती तुम,
प्रिये! तुम नदी सी
सृजन से जीवन दायिनी
वत्सला तुम.
प्रिये! तुम नदी सी
यह तुम्हारी प्रकृति,
विनत हूँ तुम्हारे प्रतिI
प्रिये! मैं मानता हूँ
मैं समन्दर
मेरा अस्तित्त्व क्षार से परिपूर्ण,
स्मरण रखना
यह क्षार आया था
तुम्हारे प्रवाह के सह,
प्रिये! मैं मानता हूँ
मैं अपनी जगह स्थिर
स्मरण रखना
सदा तुम्हारी प्रतीक्षा में,
प्रिये! मैं मानता हूँ
मेरे तट हैं उद्दाम और अल्हड,
इसलिए कि-
तेरे वत्स आपाधापी के बाद
कुछ क्षण मेरे यहाँ
फिर बचपन जी लें,
प्रिये! यह मेरी प्रकृति
जिसके कारण बन जाती
तेरे लिए ही
अनगिनत संभावनाएंI
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द ( राज )

हम एक हो जाएं

पूरे युग के
बीत जाने पर मिले हो,
बंद होठों पर
वही चुप्पी
जो मुझे रही सालती
जैसे कोठरी में
बंद कोई
और मर रहा है
अन्य कोई।
ना जाने कौन सी
तुम कर रहे हो साधना
या ले रहे हो
सतत मेरी परीक्षा,
यह साधना हो या परीक्षा
लेकिन तुम्हें
सुनने की व्यग्रता में
दम तोड़ती है साँस मेरी।
मालूम नहीं
फिर कब मिलेंगे
क्षण यही है हाथ अपने
बोल देना
दो शब्द ऐसे
हम एक हो जाएं जैसे कि
एक हो जाते नदी-सागर।
-त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज.)


ठिकाने को मत ठोकर मार

ठिकाने को मत ठोकर मार I
अंदर जमें पत्थर को मार II

तुझे उठाने वाला सम्मुख I
उसको तू ना धक्का मार II

मुर्गे से कब दुनिया जागी I
जली लो पर फूंक न मार II

धरती पर आँसू बहते हैं I
ऊँचे नभ चढ़े पंख न मार II

जालिम किस्सों से डर फैला I
गुडिया जैसी दुनिया न मार II

धर्म-कर्म पर संशय भारी I
हो कर अंधला हाथ न मार II

अक्ल का अंधा देश बेचता I
पैरों पर कुल्हाड़ी न मार II

डोला करती नित ही तकडी I
मन-मंदिर के ईश ना मार II
इच्छाएं तो नगरवधू सी I
इनके पीछे रूह ना मार II
-त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

सिक्के का हर पहलू तेरा

सिक्के का हर पहलू तेरा I
पर चांदी का सिक्का मेरा II
तकड़ी तेरी बिल्ला तेरा I
पर रोटी का टुकड़ा मेरा II
सोना-चांदी सब ही तेरा I
काली स्याही कागज़ मेरा II
सुविधा तेरी साधन तेरा I
ऊँचा-नीचा है पथ मेरा II
चीख तेरी व भोंपू तेरा I
नहीं भटकता रिश्ता मेरा II
ढोलक तेरी नर्तन तेरा I
ना रीझूं तो ये मन मेरा II
मस्जिद तेरी मंदिर तेरा I
सीधा-सादा शबद है मेरा II
ताकत तेरी डंडा तेरा I
मैं बोलूँगा ये मुँह मेरा II
भीड़ तेरी व नारा तेरा I
क्या करना है चिंतन मेरा II
सत्ता तेरी पद भी तेरा I
इन पर भारी है मत मेरा II
फांदी तेरी चारा तेरा I
मैं काटूं ये नश्तर मेरा II
-त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज) 

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...