Wednesday, 6 January 2016

प्रेम के प्रवाह में

हमेशा के लिए 
भेज दिया संदेश 
मौन के रूप में,
जानता हूँ 
नहीं है ध्वनित
मधुर संवाद 
श्रुति का रूप लिए,
जिसे तुम 
स्वीकार कर 
अनजान बनते हो
जो तुम्हारे हाव से भी 
ज्ञात होता है ।
समझकर भी 
नहीं समझना तुम्हारा, 
प्रेम के 
पथ पर निरन्तर 
साथ चलने का संकल्प 
है अघोषित रूप में,
जैसे हिमालय से लिपट
गंगा निकलती 
प्रेम के वशीभूत हो
उछलती बहती है निरन्तर।
यह भी जानना है जरूरी
हमारे लिए कि,
गंगा के अघोषित 
प्रेम भरे प्रवाह में 
नम हो कटता हुआ 
उत्तराखंड से
निकलता हिमालय 
बिछता चला जाता खाड़ी तक
सुंदरवन में वियोगी के रूप में।
तुम समझो या न समझो
मौन के संवाद को 
लेकिन हम पहुंच जाएँ 
प्रेम के प्रवाह में 
नम होते हुए कट-छँट कर
सूक्ष्म रूप में 
उत्तराखंड से निकल 
सुंदरवन तक समाधि के रूप में।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)


परिंडे की व्यवस्था

किए गए तर्पण से 
कितने दिवंगत 
तृप्त होते होंगे 
नहीं मालूम,
लेकिन चिड़िया के 
परिंडे में 
की गई जल की व्यवस्था, 
प्राणों को 
तृप्त करती ही है 
नित्य की 
चहचहाहट के साथ
जैसे कर दिया 
निरन्तर अतीत को 
वर्तमान के साथ।
परिंडे के चारों ओर 
चिड़िया शोर करती 
जमा होती,
कंठ गीला करती
पंख फड़फड़ाती नहाती,
सहचरों को लुभाती 
संभोग करती 
दुनिया बसाती 
नित्य ही
उष्णता के साथ,
मानो परिंडे ने
सृजन के 
एक क्षण में 
अतीत से वर्तमान में 
सौंप दी है 
निर्भया व्यवस्था।
डर गए हो "संभोग" के 
उद्धत प्रयोग से,
चिंतकर बताना -
भुक्ति से भोग तक
भोग से संभोग तक
संभोग से समाधि तक
जीवन कहाँ नहीं प्रसरित? 
निरुत्तर रह गए.............
चलो कोई नहीं हानि 
एक परिंडे की व्यवस्था 
दुनिया को 
जीवित रखेगी निरंतर 
अतीत से वर्तमान में 
चिड़ियाओं की 
उद्धत केलिक्रिडाओं 
एवं,
उदात्त कलरव के साथ।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.


Sunday, 26 April 2015

प्रतिध्वनि

पहाड़ी घाटियों के
मध्य खड़े होकर
लगाई गई पुकार,
प्रतिध्वनि के रूप में
लौट कर आती है, 
इसके यह
मायने नहीं कि
अकेलापन
हुआ समाप्त ।

अकेलेपन को
समाप्त करने के लिए,
घाटियों से बाहर
बस्तियों के पास
पहुंचना होगा,
किसी को संबोधन
देना होगा,
विश्वास की दुनिया में
श्रद्धा का
जोड़ना होगा
स्नेह सूत्र ,
जैसे जोड़ता है सूत्र
सर्पिणी के पाश में
कसमसाता जीव
कैलास बसे
निरंजन से।

नेह-सूत्र के
बंधन में आवश्यकता
विवशता की नहीं होती,
आवश्यकता
विश्वास और प्रेम की
होती है,
खेद है कि
हमारे हाथों से
प्रेम और विश्वास
ऐसे फिसले
मानो नदी के चिकने
काई सने घाट से
साबुन की
गंध सनी
टिकिया फिसली।

-त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।

देवता बन जाने के लिए

मेरे लिए 
मेरा घर
मंदिर है 
आते-जाते लोग 
देवता हैं 
तुम दूर रहकर
क्या पा लोगे? 
जरा मेरे 
घर की ओर बढ़ो 
देवता बन जाने के लिए।

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द ( राज)

धवल हंसों की पाँत

सभी कुछ जानना
जरूरी होता नहीं है,
अपूर्ण परिचय से भी
यदि आगे
बढ़ा जा सकता है,
तब सब कुछ
जान लेने की
व्यग्रता में किया गया
उचित नहीं है पागलपन।
अज्ञात को ज्ञात में
परिवर्तित करने की
व्यग्रता ने,
छीन लिया हमसे
नव दिवस का छोर,
छीन लिया हमसे
साँसों का झीना डोर ,
छीन लिया हमसे
सरस भाव का कोर,
छीन लिया हमसे
मधुर जीवन का स्रोत।
हम हठीले भाव को
दो गज जमीन के नीचे
दबा कर
उस पर उगा दें
प्रेम के पुष्प कोई चार,
फिर-फिर छिटक दें
शीतल करुणा की फुहार,
जिससे सघन होगा
जीवन क्रियाओं का
कुसुमित उद्यान।
कुसुमित उद्यान देगा
अपूर्ण परिचय को
कुछ नया विस्तार,
पल्लवित होने को आधार,
जहाँ होंगे
कुछ राग और विराग,
जहाँ पथ पर मिलेंगे
कुछ धवल विश्वास,
जहाँ पार्श्व से प्रकट होंगे
जिजीविषा के दृढ़ भाव
जैसे अचानक शीत में
प्रकट होती
धवल हंसों की पाँत।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज.)

Monday, 6 April 2015

प्रेम की फसल



मुश्किल होता है
पीछे लौटना,
उससे भी अधिक
मुश्किल होता है
नीचे झुकना I
तुम्हारे लिए पीछे लौटने में
और नीचे झुकने में
तनिक भी कठिनाई नहीं,
जैसे पेड़ के तले
पके हुए फल को देख
लौट आता है
मीलों चला आदमी
फल को उठाने के लिए
दुहरा होता है
बोझे से दबा आदमी I
यों तो हर फसल के लिए चाहिए
नर्म और साफ़ खेत
मीठा पानी और गुनगुनी धूप ,
प्रेम की फसल के लिए
लौटना और झुकना ही
होता है पर्याप्त,
उसीसे टूटती है दुरभिसंधियाँ
जैसे लौट आता है बादल
धरती से मिलने के लिए
झुक जाता है
प्रेम की फसल को बोने के लिए
बरसात के साथ,
इसी के साथ
धरती हो जाती है नम्र
खोकर सारी ग्रन्थियाँ I
लौटना और झुकना
पराजय है नहीं
कहीं न कहीं इसमें छिपा है
विजय का पथ कहीं,
लौटना और झुकना
रुकना है नहीं
कहीं न कहीं मिलता है
नवीन प्रारम्भ का संदर्भ कहीं,
लौटना और झुकना
मृत्यु है नहीं
कहीं न कहीं इसमें निहित है
नवीन जीवन का स्रोत कहीं I
लौटना और झुकना,वे ही जानते हैं
जो प्रेम की फसल बोना जानते हैं,
वे यह भी जानते हैं-
प्रेम की फसल, फसल ही नहीं है,
यह है –
नर्म और साफ़ खेत भी
मीठा पानी और गुनगुनी धूप भी
जिन पर बोई जाती है
जिंदगी की तमाम फसलें I
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

प्रेम के सन्दर्भ में

रखी गई खिड़कियाँ
हवा के लिए
उजास के लिए
बाहर की ओर दिखाई दे अपना
उसे अपने पास बुलाने के लिए I
रखी नहीं गई खिड़कियाँ
घुटन के लिए
आस-पास अँधेरे को
बनाए रखने के लिए
बाहर फैले हुए रिश्तों की
लता को काटने के लिए I
खिड़कियों पर डाल देना
झीनी-झीनी सी यवनिका,
परन्तु,
सटा कर निर्जीव कपाट
चढ़ा मत देना अर्गला,
नहीं तो मर ही जाएगी
चिड़िया सी पलती
नाजुक सी संभावनाएं
जो कि, जरूरी हुआ करती है
जीवन-यौवन के स्पंदन के लिए I
छोड़ दिया है मैंने
अब करना प्रार्थनाएं,
कर लिया है तय
खिड़कियों के तले खुलकर पुकारना,
जिससे तुम खिड़कियाँ खोलकर
झांको मेरी ओर
और मैं तुमसे बना सकूं संवाद
प्रेम के सन्दर्भ में साथ चलने के लिए I
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...