Wednesday, 6 January 2016

महानगर

महानगर तुम वैसे तो नहीं रहे 
जैसा देख गया था 
दो - चार दशक पूर्व,
पहले तो था मृगछौने सा 
अब फैल गया रे 
गहरी स्याही सा या चिकनी काई सा ।
तुमने स्वीकार किया था
तब हमको पूरे मन से , 
आज भी स्वीकृति है यथावत 
पर लगती है बह गई उष्णता 
सागर के गहरे पानी में, 
अनुभव में है 
ठंडे चूल्हे सा या बेमन दुल्हे सा।
हवा हो गई पारे जैसी
नहीं रही वह तरल - सरल सी
ना तितली सी ना उर्मि सी। 
पानी तो पानी जैसा पर
नहीं रहा है मृदुल मधु सा 
काजल सा या वो पागल सा।
धूप बहुत ही बंधी - बंधी सी
आती - जाती कठिनाई से 
करवट सी या वो सलवट सी । 
जीवन आपाधापी में फलता
रेलों में और यानों में अब,
डोल रहा है अर्थतंत्र में 
नावों सा या गाँवों सा।
लेकिन बहुत हर्ष से कहता
संस्कार और मूल्यों को ले
महानगर अभी भी सक्रिय है तू 
जीवन गठबंधन सा या स्पंदन सा। 
फिर - फिर आऊँगा ही 
मिलने को मैं महानगर से 
अभी लौटना है इसी आस में 
यायावरी में पुनः मिलेगा 
फुलवारी सा या जलधारी सा।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)


हम यायावर से हुए

सुबह की ठंडी हवाएं 
वातायन से आकर 
मेरे पार्श्व का संस्पर्श 
करती है ऐसे 
मानों तुम झुलसी हुई आकर 
पकडे़ हुए स्कंध मेरा 
झुकी - झुकी छोड़ रही हो 
शांत उच्छवास।
कई-कई योजन की दूरियाँ 
स्वयं ने बनाई है 
अपने ही बनाए 
या बलात् गढ़ लिए गए 
जीवन-सिद्धांतों के चलते , 
समक्ष हमारे है 
कपासी मेघ से परिणाम,
डोल रहे हम 
वियोगिनी हवाओं के जैसे।
हजारों योजन दूर होकर भी 
हम कट नहीं सकते 
गलियों और चौराहों के 
धूल भरे आँगन से,
जहाँ हमारे रचे गए सब खेल 
आज भी है ताजा, 
जिनके समक्ष बहुत छोटी है 
हमारी गढ़ी गई तमाम 
आज की सायास रचना,
मानो कह रही हो तुम 
इन हवाओं के बहाने 
मेरे कान से सटकर।
आज तुम सुफलिता होकर 
कहीं गढ़ रही होंगी 
अपने स्वप्न को 
यथार्थ के तरल क्षणों में, 
जैसे बहती हवा गढ़ती 
निर्मम पत्थरों को 
गोलाइयाँ देती आकृतियाँ, 
दूसरी ओर 
हम यायावर से हुए
डोलते जाते जहाँ - तहाँ 
बस तुम्हारा अनुभव करने के लिए।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द. ( राज.)


दाजन भी बोनी

उनके दिए दंश से ,
हम इतने दाजे,
निश्चित है उम्र भर की 
दाजन भी बोनी I
बिछी रेत पर 
अँगुलियों से 
कुरच कुरच कर 
रेखाएं खिंची, 
आदत के चलते 
उनकी अँगुलियों ने 
भींच-भाँच कर 
दिल की परतें भींची I
अब उन परतों को 
वे ढंकना चाहे 
निश्चित है जग भर की 
छाजन भी बोनी I
सब कहते ही हैं 
भूल जाऊं मैं 
उन काले क्षण को 
जो तीर सरीखे,
अब वे ही क्षण 
सुखद क्षणों में 
बहुत भयाते 
भारी-भरकम प्रेत सरीखे I
अब खुशियों को 
बांटना चाहे जोर लगाकर
निश्चित है इस भय के आगे 
धामन भी बोनी I
अपने आँगन
बूँदों सी प्यारी 
खुशहाली की 
मन्नत माँगी,
पर मन्नत के 
बदले आई 
लावा सी बहती 
फतवे की आँधी। 
अब फतवों की सारी गाजन 
सहेज रहे हैं गुलदस्तों में 
निश्चित ही उनकी हिंसा में 
धरती की गाजन भी बोनी।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)


प्रेम के प्रवाह में

हमेशा के लिए 
भेज दिया संदेश 
मौन के रूप में,
जानता हूँ 
नहीं है ध्वनित
मधुर संवाद 
श्रुति का रूप लिए,
जिसे तुम 
स्वीकार कर 
अनजान बनते हो
जो तुम्हारे हाव से भी 
ज्ञात होता है ।
समझकर भी 
नहीं समझना तुम्हारा, 
प्रेम के 
पथ पर निरन्तर 
साथ चलने का संकल्प 
है अघोषित रूप में,
जैसे हिमालय से लिपट
गंगा निकलती 
प्रेम के वशीभूत हो
उछलती बहती है निरन्तर।
यह भी जानना है जरूरी
हमारे लिए कि,
गंगा के अघोषित 
प्रेम भरे प्रवाह में 
नम हो कटता हुआ 
उत्तराखंड से
निकलता हिमालय 
बिछता चला जाता खाड़ी तक
सुंदरवन में वियोगी के रूप में।
तुम समझो या न समझो
मौन के संवाद को 
लेकिन हम पहुंच जाएँ 
प्रेम के प्रवाह में 
नम होते हुए कट-छँट कर
सूक्ष्म रूप में 
उत्तराखंड से निकल 
सुंदरवन तक समाधि के रूप में।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)


परिंडे की व्यवस्था

किए गए तर्पण से 
कितने दिवंगत 
तृप्त होते होंगे 
नहीं मालूम,
लेकिन चिड़िया के 
परिंडे में 
की गई जल की व्यवस्था, 
प्राणों को 
तृप्त करती ही है 
नित्य की 
चहचहाहट के साथ
जैसे कर दिया 
निरन्तर अतीत को 
वर्तमान के साथ।
परिंडे के चारों ओर 
चिड़िया शोर करती 
जमा होती,
कंठ गीला करती
पंख फड़फड़ाती नहाती,
सहचरों को लुभाती 
संभोग करती 
दुनिया बसाती 
नित्य ही
उष्णता के साथ,
मानो परिंडे ने
सृजन के 
एक क्षण में 
अतीत से वर्तमान में 
सौंप दी है 
निर्भया व्यवस्था।
डर गए हो "संभोग" के 
उद्धत प्रयोग से,
चिंतकर बताना -
भुक्ति से भोग तक
भोग से संभोग तक
संभोग से समाधि तक
जीवन कहाँ नहीं प्रसरित? 
निरुत्तर रह गए.............
चलो कोई नहीं हानि 
एक परिंडे की व्यवस्था 
दुनिया को 
जीवित रखेगी निरंतर 
अतीत से वर्तमान में 
चिड़ियाओं की 
उद्धत केलिक्रिडाओं 
एवं,
उदात्त कलरव के साथ।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.


संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...