Thursday, 7 January 2016

स्त्री आज भी है रहस्य

स्त्री आज भी है रहस्य
जिसकी ओर 
कौतुहल से
देखता है हर कोई, 
मानो पाताल तक
पहुँची हुई गुहा के साथ 
अभी भी चिपके हुए हैं 
अनछुए पहलू कई।
बाहुबली से लेकर
राजा-रंक साधु-संत तक 
दिखाई देते हैं आतुर
जानने के लिए रहस्य,
स्त्री परत दर परत 
रहस्यों को ढोते हुए भी 
बेखबर सी 
बढ़ी जा रही है इतस्तत:
रंगहीन वायु के जैसे
पहले से अधिक 
रहस्यमय होते हुए ।
स्त्री के वे सब रहस्य 
जिन्हें वह जानती है 
और वे रहस्य भी 
जिन्हें वह स्वयं भी
नहीं जानती,
उसकी छिपी हुई 
ताकत के 
मानो हैं स्रोत से 
जिसके बलबूते 
लड़ाई जीतने का 
विश्वास रखती है।
स्त्री के रहस्यों की 
ताकत का अनुमान 
लगाया जा सकता है 
इसी बात से कि 
वह स्वयं करती है बेबाक बात
योनि की शुचिता पर
अपने ही तर्कों के आधार पर 
अपनी अस्मिता के लिए 
अधिकारों के लिए 
भृकुटियाँ भींचती है 
शेष सभी ताकते हैं उसे 
अभिमंत्रित कीलित की तरह।
जिसने भी अनदेखा किया 
शक्ति के स्रोत को 
वह कैद हो ही गया 
पाताल में 
राजा बलि की तरह।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।



अस्तित्व के लिए

जिनके लिए दीवानगी तक
चले जाते हैं
वे सब एक दिन
चले जाएंगे छोड़ कर 
संध्या की ललाई की तरह।
जब भी छूट जाती है
हाथ से जली हुई लौ 
अचानक अंधेरा 
लील जाता है सभी को 
भयानक अजदहे की तरह।
सोचने का समय जब 
छूट जाता है हाथ से
तब स्याह वर्ण ही 
शेष रहता आसपास 
जैसे वह फैल गया हो 
श्वेत पत्र पर 
स्याही की तरह।
प्रेम की लौ जलाकर
हाथ में 
थामे हुए रखना,
सभी के 
अस्तित्व के लिए
है बहुत जरूरी ,
स्याह रंग हमेशा ही 
धमकता चला आता 
आवारा पशु की तरह।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।
Top of Form



सुंदर सम्भावनाएं

हमें तय करनी होगी 
एक दिशा 
और तय करना होगा 
एक लक्ष्य 
बिना दिशा और 
बिना लक्ष्य के 
अब होती है थकान, 
जैसे बिना नियन्त्रण के 
ऊँचे-नीचे पथ पर 
दौड़ती गाड़ी की 
धुरी बिगड़ गई
और गाड़ी लहरा रही है 
अनियंत्रित सी इधर-उधर।
अभी हालात बिगड़े नहीं है
तन के छिन्न-भिन्न 
हो जाने पर भी, 
मन अभी भी है आर्द्र 
जिसके चलते 
अभी भी बनी हुई है 
सुंदर सम्भावनाएं 
जीवन के लिए 
जैसे गाड़ी की धुरी 
बिगड़ जाने पर भी 
उसे थामे हुए है
इक छोटी सी 
नन्ही सी कील।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)


तय कर लेना

माँग रहे हो अधिकारों को, 
क्या पाओगे भाग बँटे हैं।। 
कहाँ करोगे दिल की बातें 
सब के सब तो नाक कटे हैं।।
तय कर लेना 
क्या खोना है? 
तय कर लेना 
क्या पाना है?
पैगंबर सा कोई आया, 
हमको वो अधिकार दिलाने। 
अधिकारों में पथ के रोड़े, 
कौए भी सब साथ डटे हैं।।
तय कर लेना 
किसे पोषणा? 
तय कर लेना 
किसे खोदना?
बजती डफली तरह-तरह से, 
बेढंगे कई नृत्य हुए हैं। 
सब प्रहसन में लगा दिए हैं, 
अगुए पद के पास सटे हैं।
तय कर लेना 
करना क्या है? 
तय कर लेना
मंजिल क्या है?
आजादी के नाम गा रहे, 
झंडा ऊँचा रहे हमारा। 
बाकी काली करतूतें हैं, 
जिनके चलते पाँव कटे हैं।
तय कर लेना 
उठना है क्या? 
तय कर लेना 
चलना है क्या?
ताजमहल की चाहत में ही,
विषबेलें कई फल गई हैं। 
उन्मादी हो लोक सो गया, 
लो मनचलों के भाव बढ़े हैं।
तय कर लेना 
मरना है क्या? 
तय कर लेना 
जीना है क्या?
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज.)


नई दरार

हमने हमेशा ही 
दिन को 
रोशनी के साथ 
व्यस्त देखा
परंतु चेहरे को 
हमेशा ही 
मुस्कराहट के लिए 
संघर्ष करते देखा,
अभी भी हमने
खुला छोड़ दिया
जो दरारों को ।
दरारों को पाटने में 
हाथ छिल गए
परंतु हर दरार के 
समापन पर 
मुस्कान उसी तरह 
उभर आती,
सुफल ही मिल गया
मानो जिजीविषा को ।
त्रासदी मुस्कराहट के 
रुक जाने की नहीं, 
त्रासदी तो दरार के बाद 
इक नई दरार के 
उभर आने की है वह, 
जैसे अनजाने में ही 
दिये जा रहे निमंत्रण 
हम नई दरारों को । 
-
त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।I


Wednesday, 6 January 2016

मुक्ति की चाह

मित्र, हम आज भी 
अपने-अपने वातायन से 
झांकते हैं बाहर 
अपने ही बनाए गए मकानों से, 
जैसे सुदृढ़ तीलियों से 
सटाकर अपनी आँखें 
ताकते हैं द्विज सुदृढ़ पिंजर से,
द्विज और हममें 
मुक्ति की चाह है एक सी I
गोरी लड़की जो मुक्ति की 
चाह में हो गई संन्यस्त,
अब वह करती रहती 
प्रेम के नाम पर बातें कुछ भावुक, 
गेरुए वस्त्र धार मृत्यु और मोक्ष को लिए 
फिर से उलझ गई है पूर्व से अधिक 
रोती है अकेले में स्वयं ही
गृहस्थ जीवन की मीठी स्मृतियों को लिए, 
अनुचर खींचते हैं उसके चित्र
योगिनी रुदन की चित्रावलियाँ दिखा-दिखा भरमाती है
कहती है - यह ध्यान की चरमावस्था I
मित्र , हमारी ही तरह 
वह गोरी योगिनी भी 
छिपा रही है दमित इच्छाएं,
आवरण की भिन्नता छोड़ दी जाएं 
तब हमारी सारी बातें हैं एक सी
हम हैं गोरी योगिनी से और गोरी योगिनी है हम सी I
सुहाग का जोड़ा पहने 
सुहागिन मनाती है
पहनकर लाल-लाल चूड़ियाँ
ढेर सारा मांग में सिन्दूर पूरे 
रेशम की साड़ी अपने तन पर कसे-कसे
अपने दाम्पत्य जीवन के प्रारम्भ का महोत्सव, 
पर, अपने अनुष्ठान में दिखाई देती है अकेली, 
हो गया उसका सहचर कहीं अलग-थलग
जैसे छिटक गई हो साथ-साथ उठी बदलियाँ 
हवा के झोंके से, 
वो अपने अकेलेपन की शर्मिंदगी को छिपाती है 
अपने तथाकथित प्रगतिवादी कथनों में, 
उत्तेजना के सह सभी को बताती है 
यह है मुक्ति की राह में उसका बढ़ा हुआ प्रथम चरण,
तब हम करते हैं अनुभव 
सब कितने हो गए मौकापरस्त 
और,हो गई है 
सभी की अवसरवादिता है एक सी I
हमें अभी मुक्ति नहीं मिल सकती 
हम निरावृत्त जो नहीं हो सकते,
दुहरा व्यक्तित्व ओढ़ने की जिद 
अभी भी चिपकी हुई है हमसे 
काली-काली चिपचिपी भद्दी जोंक सी I
-त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज).


एक कोना है रिक्त सा तेरा भी मेरा भी I

एक कोना है रिक्त सा तेरा भी मेरा भी I
कब भरेगा रिक्त कोना तेरा भी मेरा भी II
पूछ लेते पता तब ही सही समय के रहते I
क्या कुछ कम हो जाता तेरा भी मेरा भी II
हम हैं आमने सामने मध्य में बहती नदी I
बस हाथ फैला रह गया तेरा भी मेरा भी II
इस उफनती नदी में भी उतर जाएं आज ही I
देख कैसे धड़कता दिल तेरा भी मेरा भी II
नित्य ही कब उफनती है न सूखती है वो नदी I
नित्य दिन कब बुरा होता तेरा भी मेरा भी II
जुदा रहने पर क्या मिला सोच ही लेते कभी।
हर बार बिखर जाता घर तेरा भी मेरा भी II
अब भी है ज़िंदा उम्मीद अच्छा हो जाने की I
इक नया किरदार आया तेरा भी मेरा भी II
रूह कभी अलग हुई जो आज होगी यहाँ I
अच्छा है महलों से घर तेरा भी मेरा भी II
हम बँट ही नहीं सकते रहते दरारों के भी I
प्यार में लकदक है गाँव तेरा भी मेरा भी II
-त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द (राज)

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...