Thursday, 7 January 2016

नवीनता के लिए

जिंदगी और मौत की 
जद्दोजहद में 
अक्सर जिंदगी को ही 
जीतते देखा गया, 
परंतु जब भी जीतती है मृत्यु 
जीवन के पास 
फिर से बाजी लगाने का 
अवसर ही नहीं रहता 
मानो सूरज की प्रखर धूप में 
पानी का भाप बन 
हवा में विलीन हो जाना 
होता है तय।
जिंदगी मुखर होती हुई 
छा जाती है विविध रंग लिए 
जैसे बरसात के मौसम में 
अक्सर तन जाता है इन्द्रधनुष 
लेकिन कुछ ही क्षणों में 
वह विलीन हो जाती है मानो 
समुद्र में उठते हुए फेन 
लहरों की उठा-पटक में 
हो जाते हैं लुप्त
अनन्त जल राशि में ।
जिंदगी भी इन्द्रधनुष के 
जैसे ही होती रहती विकसित 
उसके जैसे ही होती रहती प्रसरित 
धीरे-धीरे चंदोवे सी तनती 
तनकर सजती आकर्षक रंगों में 
फिर अचानक लुप्त हो जाती 
बिना किसी पूर्व सूचना के।
इन्द्रधनुष का लोपन - गोपन
लाता है क्या
गगन में सूनेपन को? 
नहीं - नहीं, 
नहीं मानता सूनेपन को, 
तब फिर आता होगा रिक्त भाग से 
शोक भरा सन्नाटा 
जो घायल करता होगा 
शिशु सम कोमल मन को? 
नहीं - नहीं, 
मैं इसे भी नहीं मानता,
नियति ही कुछ ऐसा करती है 
नव सृजन स्थापित करने को।
जीवन की यात्रा में 
पड़ाव से पड़ाव के मध्य 
कितने ही विकट मृत्यु के 
आघात लगते हैं 
कभी भूख के रूप में 
कभी अभाव के रूप में 
कभी त्रासदी के रूप में 
समस्त आघात सहते हुए 
सजती है इन्द्रधनुष सी जिंदगी 
फिर ऐसा क्या होता है कि 
अचानक जीवन हार जाता है 
मृत्यु के सम्मुख 
दलील दी जाती है संवेदना के रूप में -
नवीनता के लिए मृत्यु पहल करती है।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।


अभी जीना चाहता हूँ

उम्र के पड़ाव
फिसलते जा रहे
मुट्ठी में बंद
रजत रेत की तरह
परंतु प्रार्थना है दिनकर
अभी जीना चाहता हूँ
सभी के लिए।
खोल दिए
वातायन भी सायास
दूर तक
अवलोकन के लिए
परंतु दृष्टि
घायल विहग सी
अधमरी सी
थकी-थकी सी
खोज रही आधार
जीवन के पुनः पुनः
पल्लवित होने के लिए।
रवि तव दर्शन देता मुझे
नव - नव प्राण संचार
प्रार्थना है दिनकर
दिवस के आलोक के सह
घायल दृष्टि
स्वस्थ हो विकसे
रतनारे कमल की तरह
जिससे बन सकूँ कारण
लोक में सभी के लिए
प्रफुल्लित होने के लिए।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित।

हम कौन

जब हम अपना
शहर छोड़
होते हैं बाहर
हमें अपने लोग
करते हैं याद 
नियति की तरह।
कुछ की स्मृतियों में
हम आवश्यकता के जैसे
कुछ के लिए
हम साधन के जैसे
कुछ चाहते हैं
हम को दिनचर्या के जैसे
कुछ के लिए पीड़ा के चलते
हम प्रियतम के जैसे
कहीं सेतु से
कहीं ईंट-गारे के जैसे
परंतु हम ही नहीं जान पाते
आखिर कर हम कौन
स्वयं के लिए किसके जैसे?
त्रिलोकी मोहन पुरोहित ( राजसमन्द 

पराए कम्बल में

शोर शराबे के मध्य 
कभी खोजी गई होती 
तनाव की वजह 
शायद तुम ईमानदारी की राह 
अब भी चल रहे होते 
तुला पर चढ़े हुए 
ठोस बाट की तरह।
फिरंगी बाँट गए 
कभी इस देश को 
सम्प्रदाय के आधार पर 
चेतना विहीन लोग 
झगड़ालू बच्चों की तरह 
बँट गए
विस्तृत देश बदल गया 
टुकड़ों-टुकडों में, 
माँ के जीर्ण आँचल की तरह।
सत्ता की इच्छा में 
चली गई चालें 
सभी को चाहिए था 
सत्ता का शीर्ष पद
फिरंगियों का दिया गया वैश्यवाद 
नये रूप में जन्मा 
जातियों का आधार लिए 
फिर चिंतन विहीन लोग 
लालची बच्चों की तरह 
लग गए छीना-झपटी में 
फलस्वरूप हो गया लहुलुहान देश 
समर स्थल की तरह 
जबकि बचाया जा सकता था 
शीर्षस्थ आसीन लोगों द्वारा 
समभाव प्रेरित योजनाओं से 
जैसे बचाए जाते हैं परिवार 
पितामह की चेतना से।
देश के पास
कुण्डली मार बैठे अजगर से 
अपने ही लोग ले आए 
लाल सुर्ख झंडा 
मजदूर क्रांति के नाम
एकत्रित किए गए 
नीम नींद में डूबे लोग 
हड़बड़ाए बच्चों की तरह 
लोग बनने लगे 
भीड़ का अंश 
फिर बँटा यह देश 
अमीर और गरीब की परिभाषा में 
अध्यायों के आधार पर 
किसी बंधी पुस्तक के भागों की तरह।
चेतना के संवाहकों 
क्यों मरे जा रहे हो? 
फिरंगियों के दिए वादों पर
तुम्हारा देश
चेतना के स्तर पर कंगला तो है नहीं 
जो भीख में मिली चेतना से 
प्रगति के सोपान 
तय करना चाहते हो।
आवश्यकता है
अपनी निजी चेतना को 
स्वीकार करने की 
थोड़ी सी कोशिश करके देख लो 
अपनी चद्दर ही 
अपनी अस्मिता का आधार होती है 
पराए कम्बल में 
अक्सर हीनता का बोध होता है।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।


देहगंध

देहगंध के बदलते 
बहुत कुछ
बदल जाता है 
क्षण भर में ही 
मानो सूखी धरती पर 
वर्षा की प्रथम बूँद के गिरते ही 
सोंधी गंध हवा में व्याप गई।
यह प्रतिक्रिया का सुखद स्वरूप
हर समय कहाँ रहता सुखद।
देहगंध के बदल जाने पर
चुप रहने वाले दिग्भ्रमित 
तथाकथित समाजशास्त्री 
सामजिक मूल्यों के
हनन की अचानक 
करते हैं बात,
अंदर से काले और बदबूदार 
तथाकथित संस्कृति संवाहक
ईश्वर के ठेकेदार 
तमतमाते हुए जारी करते हैं 
कुंद भाषा में धमकियाँ, 
पोलीटीशियन को 
मिलता है मुद्दा 
जिसे दिया जाएगा 
अब जातिगत रंग, 
अखबार जिसे छापेगा 
शीर्ष पंक्तियों के रूप में, 
टी वी चेनल पर होगी बहस 
कोई तीखी जीभ के बदले 
खाएगा जनाना चांटा, 
बैठेगी पंचायत 
दो पक्षी मार दिए जाएँगे।
किसी के स्वाद के 
बदलने पर
कितना कुछ बदल जाता है 
जैसे धरती की करवट पर 
बस्तियों के बदल जाते हैं दृश्य,
देहगंध को बदलना सहज नहीं 
किसी भी रूप में
बदलाव के लिए चाहिए 
दृढ़ आत्मविश्वास।
हम सब कितने चुप 
और कुछ अधिक ही 
बंधे-बंधे से 
जैसे बंधी हुई हो 
बंधेज की साड़ी, 
जिसे बांध कर देता है 
रंगरेज रूपाकृति 
लगा दिया गया लेबल
और लेबल से 
तय होता है हमारा मूल्य
देहगंध का बदलाव 
पूर्वनिर्मिति की व्यवस्था के 
जाता है खिलाफ ।
मनुष्य वस्तु नहीं 
नहीं उपभोग का सामान 
उसकी अपनी चेतना और आवश्यकता 
उसकी अपनी अस्मिता और अभाव 
उसके अपने सवाल और जवाब 
इस सब उहापोह के मध्य 
अपने अस्तित्व को बचाने की युक्तियाँ
मानो झंझावात के चलते 
समुद्र के मध्य डोलता लघुकाय जहाज।
कल का युगल कुँवारा 
बदहाल बैठा नीम के नीचे 
नमक चाट रहा 
अपनी खाली आँखों से, 
भरी दुपहरी 
तभी परिपक्व नागरजन गरजा 
नालायक नमक चाटते खुलेआम 
ठहरो-ठहरो अभी स्वाद बताते 
तब से ही भागा-फिरता वह युगल 
देहगंध को बदल-बदल कर
पूरा करने को अपने अभाव ।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द।


सवाल दर सवाल

दागे गए सवाल 
अधिकतर होते हैं हिंसक 
और इस आघात से 
बचने के लिए 
हिंसा व प्रतिहिंसा के चलते
बढ़ती है दूरियाँ 
मानो समुद्र के पानी से 
वक्षस्थल सी सुकोमल धरा पर
उग आता है नमक।
सवाल दर सवाल के 
काफिले के मध्य रहता 
खोजता हूँ 
अपने रिश्ते-मित्र 
अपना स्वत्व और अस्मिता 
और इन्हें पाने व बचाने के लिए 
कई-कई खड़े कर देता हूँ 
नग्न अघोर से भयंकर सवाल
ऐसी स्थिति में 
हम विवश से होते ही हैं 
जैसे विवश हो जाता है 
वन लताओं में बारहसिंगा।
सवालों का धड़धड़ाते आना 
वक्ष पर चढ़ 
धम-धम करते हुए 
करना घात-प्रतिघात 
भयंकर अघोर स्वरूप की 
यह दर्शना
कितना पीस देती है 
घटिका यंत्र सी 
जरा अंदाज भी है किसी को।
सुनो प्रिये !
मैं स्वयं प्रस्तुत हूँ 
धान के पात्र सा, 
तुम बैठ जाओ दृढ़ता से 
सवालों की घटिका के सम्मुख 
मुझे अपने सुकोमल कर से 
पूरती चली जाओ 
सवालों के पाटों में 
मधुर कंठ से 
वियोगिनी का गीत सुनाते, 
मैं चुपचाप तुम्हारे 
अंक को साक्षी रख 
पिस जाऊँगा निर्विरोध
बस अनुरोध इतना सा 
अंतिम क्षण तक अपेक्षित 
संस्पर्श तुम्हारे नेह का।
- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द


संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...