Sunday, 30 September 2012

अपने ही पापा के घर.



मैं तितली सी ,
सदा रही हूँ ,
सतरंगी पंख लिए
अपने ही पापा के घर.

खाई - खेली ,
तुतलाई हूँ ,
उठी - गिरी हूँ ,
इठलाई हूँ ,
दुनिया से ,
दो बातें करना,
मैंने जाना ,
अपने ही पापा के घर.

अकडम - बकडम,
के खेलों से ,
इत्ती-बित्ती ,पंचा कांकर,
के खेलों से ,
जीत -हार का मतलब ,
परिभाषित करना ,
मैंने जाना ,
अपने ही पापा के घर.

भाई-बहिनों से  ,
सीख वकालत ,
संगी-साथी से ,
मान-मनोवल  ,
रिश्तों की मधुर गंध,
को रूपायित करना ,
मैनें जाना ,
अपने ही पापा के घर.

रेत-ढूह में खूब घरौंदे ,
रच-रच कर के ,
खेती-बाड़ी छत-आँगन ,
रच-रच कर के ,
गुड्डे - गुडिया की दुनिया से ,
वर्तमान को सहेजना ,
मैंने जाना ,
अपने ही पापा के घर .

अब सहेजती ,
प्रियतम का घर ,
रोके-मौके आना-जाना ,
अब पापा के घर ,
सरस बादली बन कर छाना ,
हर उष्मा पर बरसना ,
मैंने जाना ,
अपने ही पापा के घर.

Thursday, 27 September 2012

घूँट-घूँट ही सही मुझे दर्दों को पीने दो .


         निर्जन कौने में बैठा
              वह पीता है,
          उसको रोका तो बोला
घूँट-घूँट ही सही मुझे दर्दों को पीने दो .

        रूखे व्यवहारों से मारा,
                 वह रोता है ,
          बिंधा हुआ वह बोला ,
पहचान मिली अब ऐसे ही जीने दो .

         टूटन-दरकन में जीता ,
               वह दबता है,
    कलम उठाई तो वह बोला ,
इन कलमों को अब तीखा लिखने दो .

     अश्रु - मिट्टी लिए साथ में,
             वह सनता है,
     नमक उठा कर वह बोला ,
खार लगाना वो चाहे तो लगने दो .

         अपने घावों को खोले ,
            वह कंपता है,
      अँगुलियों पर गिनते बोला,
मेरे दिन भी आते हैं अब मिलने दो .

     

Wednesday, 26 September 2012

जीवन का रूप सामने आ जाए.


मैं आऊँ या ना आऊँ ,
अब तुम आना ,
आ कर के यों घुल जाना ,
जैसे पानी में पानी घुल जाए.

तुम को देखूं या ना देखूं ,
अब तुम देखो ,
इतना देखो तुम मुझ को ,
दोनों आँखें पूरी ही भर जाए.

तुझे ओढ़ कर फटे हाल हूँ ,
अब तुम ओढो ,
इतना ओढो तुम मुझ को ,
सारा सच बाहर को आ जाए.

जिन गीतों को मैंने गाया ,
अब तुम गाना,
उन गीतों को ऐसे गाना ,
ह्रदय तेरा बाहर को आ जाए.

मैं रिश्तों में खेल बना ,
अब तुम खेलो,
उन रिश्तों को ऐसे खेलो ,
जीवन का रूप सामने आ जाए.

Sunday, 23 September 2012

सच! कहाँ रहते हो ?


सच ! कहाँ रहते?
घर-परिवार ,अन्दर-बाहर ,
तन में,मन में,बुद्धि-बल में ,.
पर,
ये सब तो बिखरे है ,
किंचित इन में प्राणों को सींचूं .

जन में ,गण में ,उपवन में ,
शहरों - कस्बों या ग्रामों में ,
पर ,
ये सब तो अस्त-व्यस्त है ,
किंचित इन को किरण दिखा दूं .

शैशव-कैशोर्य-योवन में ,
प्रौढ़ता या जरावस्था में ,
पर ,
ये सब तो बहुत डरे हैं ,
किंचित इन को निर्भय कर दूं .

लेखन - चिंतन - गायन में ,
आख्यायन या चित्रायन में ,
पर ,
ये सब तो अलग-थलग है ,
किंचित इन को संयोजित कर दूं.

तर्कों - वाणी - प्रमाणन में ,
रीति-नीति-छंदानुशासन में ,
पर,
ये सब तो वाग्विलासी हैं ,
किंचित इन को जीवन दिखला दूं .

ध्यान - धारणा - समाधि में ,
आवर्तन-परावर्तन-पलायन में ,
पर,
ये सब तुझ से बहुत विमुख है ,
किंचित इन को दिशा दिखा दूं .

नव अंकुरण के उल्लास में ,
श्वांसों के तू मुक्त विलास में ,
पर,
ये सब तेरा मूर्त रूप है ,
किंचित इन से ही झोली भर लूं.

Saturday, 22 September 2012

तब तक खोल चलूँ वे खिड़कियाँ .


   मैंने चाहा खुल जाए ,
          बंद पड़ी
     कुछ खिड़कियाँ .
हर खिड़की से चेहरा झाँके  ,
चेहरा देखे चलती गलियाँ .

   बंद कपाटों के पीछे तो
          सिसक रही
        बस सिसकियाँ
हर सिसकी में अपना रहता ,
अपना मांगे अपनी खुशियाँ .

     सतरंगी पंख फैलाये ,
            उड़ना चाहे ,
         कुछ तितलियाँ .
नम्र पवन अब देती निमंत्रण ,
देती निमंत्रण कोमल कलियाँ .

   आती होगी तुम को भी ,
          मीठी-मीठी ,
         कुछ हिचकियाँ ,
समझ लेना अपना ही भूखा,
झूझ रहा कर के मधुकरियाँ.

    दर्द ह्रदय में करवट ले के
             तीखी काटे
           कुछ चुटकियाँ ,
तब साथ मेरे तुम चल सकते हो ,
तब तक खोल चलूँ वे खिड़कियाँ .

Thursday, 20 September 2012

कुछ मशालें दहती हैं .

दीवारों से जो गिरा हुआ हूँ ,
मुक्ति की बस चाह रखी है ,
हाथ लगाकर दीवारों को ,
         सहलाया ,
   धीरे-धीरे ही सही पर ,
   रेत हुई वह ढहती है .

इधर दीवारें - उधर दीवारें ,
घने तमस में निराकार हैं ,
सिकुडन व एकाकीपन को ,
         बतलाया ,
   धीरे-धीरे ही सही पर ,
   इक चिंगारी जलती है .

भारी भरकम लगी बेड़ियाँ ,
खन-खन करती हैं झंझीरें ,
बंधन में जो लिए ऐंठ है ,
         टकराया ,
   धीरे-धीरे ही सही पर ,
   स्वर विद्रोही भरती है.

घायल तन और मन घायल,
सहलाती अंगुलियाँ घायल,
दर्द दमन जब रूपायित कर ,
         दिखलाया ,
   धीरे-धीरे ही सही पर ,
   नदी आग ले बहती है.

कहाँ दिवस और कहाँ रात है ,
तेरे ही कहने से पता चला है ,
मुक्ति का गायन श्वासें करती ,
         समझाया ,
   धीरे-धीरे ही सही पर ,
   कुछ मशालें दहती हैं .



Monday, 17 September 2012

कुछ तो बोलो , चुप क्यों रहते ?

कुछ तो बोलो ,
चुप क्यों रहते ?
चलने पर पैरों के
नीचे आती जैसे ,
चरमर-चरमर ,
रेत बोलती ,
वैसे बोलो तो
कुछ मैं पावन जानूं .

आँखों में अश्रु ,
लिए हुए तुम ,
दबे जा रहे ,
पीडाओं का
लिये पहाड़ ,
चुपके-चुपके ,
जोर लगा कर
बाहर आना ,
जैसे धरती में
दबे बीज का ,
अंकुवा बन कर ,
बाहर आना.
तुम भी
बाहर आओ तो
कुछ मैं पावन जानूं .

वो आते हैं ,
अभिनेता से ,
अभिनय करते ,
अपने बनते.
कुछ विश्वास,
और -
दिलासा देकर ,
तेरी झोली में ,
हाथ डाल कर ,
जो भी मिलता ,
ले कर वो तो ,
चलते बनते.
तू है कि बस ,
लुट जाने का ,
रोना रोता ,
पता नहीं क्यों ,
रक्त तेरा है ,
इतना शीतल ,
चूल्हे पर चढ़ी ,
दुग्ध-भगोनी ,
जैसे उफने तो ,
कुछ मैं पावन जानूं.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...