Tuesday, 5 February 2013

शहर - कल और आज


उत्सव के प्रांगण सा ,
देखा था शहर ,
सब कुछ नैसर्गिग स्वरूप में ,
चलता था .
रोज बैल-गाड़ियों में ,
खानों से लदे फंदे आते थे पत्थर ,
जिनमें गाड़ीवान बड़े मजे से
फूंक रहा होता था तम्बाकू ,
और बैलों के गले में ,
रुनझुन-रुनझुन करती घंटियाँ ,
एक कसैला गीत गूंजता ,
शहर के चलते पथ को ,
इंगित करता था .
वहीँ नंग-धडंग लांगुरिया का टोला ,
भरी नहर के बहते पानी में कूद-कूद,
सारे शहर को स्वर देता था .
अब ना जाने कहाँ बैलगाड़ियां ,
मोटर की धमा चोकड़ी में ,
कहीं कोने में धूल फांकती ,
या, दीमक का ग्रास बनती खोती है ,
पानी वाली नहर में,
पानी के संग मेला घुल कर ,
सड़ांध मार कर ,
अपने परिवर्तन पर रोती है ,
जैसे कोई नगर-वधु ,
अपने रुज-ग्रस्त तन से घिन भरती है .
कल का लंगुरिया का टोला,
चुर्री ,पन्नी और भूरी शक्कर के कश में ,
या बोतल के पानी के घूँट घटक ,
सोया है लावारिस सा ,
अब शहर चिल्लाता है.

किसी तीर्थघाट सा ,
या वृन्दावन सा ,
देखा शहर ,
जहां झील के घाटों पर स्त्री-पुरुषों के झुण्ड ,
नत नयनों से वस्त्रों को पटक-पटक कर ,
उज्ज्वलता को पाने के प्रयत्न में ,
मानों नीले ठंडे पानी से शुचिता ही ,
घर ले जाने को हैं तत्पर ,
उधर दूसरी ओर ,
सप्तध्व्जाधारी द्वारकाधीश-मंदिर से ,
दर्शन का हेला हो जाता,
तब ,
बच्चे -बूढ़े, स्त्री-पुरुषों को ,
मंदिर की चौखट पर ,
शीर्ष नवाते देखा ,
तुलसीपत्रों को कर-कमलों में बंद किये ,
पाटलपत्र सरीखे होठों पर स्वस्तिवाचन करते ,
अपरिचित में भी परिचित का अनुभव भर-भर ,
नागर-जन के चन्दन-चौवा की सौरभ से ,
सारे शहर में अपनापन भर जाता था .
अब झील कभी-कभार भरती है ,
भरी झील का पानी अमृत सा ,
दिन प्रति दिन बहुत विषैला ,
जिस को छू लेने में भी डर लगता है .
घाटों पर अब वह मर्यादा कहाँ रही ,
हर कोई बंद हुआ ,
फव्वारे में ही गीला होता है .
मंदिर के पट रोज खुल रहे ,
तुलसीपत्रों और स्वस्तिवाचन ,
अब उपास्य के चरणों से ,
विलग नहीं हो पाते ,
अब शहर अपरिचय के अन्दर ,
अपना दम घोंट रहा है.

प्रति दिवस की ,
प्रथम किरण से ,
किसी मेले-ठेले सा ,
सजता देखा शहर ,
दूधिया साइकिलों की ,
खड़-खड़, खड़-खड़,,
ट्रिन-ट्रिन , ट्रिन-ट्रिन में ,
फेरी वाले , सब्जिवालें ,
चक-चक चिल्लपों में ,
हर घर को नाम लिए पुकारते ,
जैसे वे अपने सम्बन्धी के घर आये हैं ,
गृहवधुएँ उतने ही अनुराग से ,
उन से दूध-दही ,सब्जी-भाजी लेती ,
एक मधुर स्मित से ,
सबको उन का दाय सौंपती ,
या,
सहज भाव से कल फिर आने का न्यौता दे देती ,
वे भी अपनत्व भाव से शीर्ष हिलाते , मुस्काते ,
ऐसे आगे बढ़ जाते थे मानों ,
यह तो उनके अर्थ-शास्त्र का हिस्सा है ,
इसी अर्थ-शास्त्र के अघोषित विधान में ,
सारा शहर विकास पाता था .
अब फेरी वाले से लेकर दूधिये तक ,
सब धीरे-धीरे कहीं गुम होते जाते हैं ,
बड़े शहर की तरह ही अब ,
डिब्बों और थैली में बंद सामग्री ,
सब्जी-भाजी फल तक मोल में बिका करते हैं
कृत्रिम हंसी में जहां तन्वंगी कन्याएं,
आधुनिक अर्थ-शास्त्र का हिस्सा है,
जिस में अर्थ प्रमुख बाकी सब गौण हुआ जाता है ,
अब शहर हमेशा
अपने गुणा-भाग में जीता है.

वीथी-वीथी चौराहे पर ,
किसी कर्मक्षेत्र सा ,
व्यस्त देखा शहर ,
लोहारों की धोंकनी ,
धप-धप कर हांफा करती ,
मोची की रांपी ,
खप-खप करती ,
चर्म-पट्ट पर चहका करती ,
नापित की गर्म अंगुलियाँ ,
खल्वाटों पर आपस में गुंथ ,
खटपट -खटपट कर इठलाती ,
दर्जी का फीता- कैंची-अंगुस्तान ,
सिलाई की मशीन के ,
गर्र-गर्र के श्रुति-कटु नाद में ,
भर्र-भर्र कर नाचा करते ,
पिन्जारे की धुनकी,
धुनक-धुनक कर रुई के फोहे ,
बर्फ के गोले से उडाती ,
ऐसे ही बढई -जुलाहे ,
रंगरेजों और छींपों की ,
कुम्भकार-स्वर्णकार ,
माली-धोबी ,मजदूरों और कारीगर की ,
अपनी-अपनी रचना चलती ,
हर रचना श्रम का गीत रचाती ,
ऐसे ही लघु रचना से ,
भरा-पूरा शहर बसता था .
अब बड़े-बड़े पूंजीपतियों के आगे ,
सब के सब कहीं मर गए ,
धोंकनी -धुनकी , कैंची- रांपी ,
कहीं नहीं दिखाई देती ,
सिक्कों की चकाचोंध में ,
अब शहर सिसकता जाता है.

पर्वों और त्यौहारों में ,
अपनी ही मस्ती में देखा शहर ,
ढोली घर-घर आकर,
ढोल बजाकर त्यौहारी लेते ,
भाटों और चारण अपनी पोथी पढ़-पढ़ ,
वंश-विरुद को गा-गा कर ,
अपना-अपना अधिकार जुटाते ,
वनवासी आकर गेरू दे जाते ,
जिस से घर-घर के आंगन में ,
चित्रित अल्पना और मांडने में ,
जीवन झलकाया करते,
संझा का चित्रण और सेवरा ,
घूमर-घेर ,रास-डांडिया ,
होली-दीपावली-ईद-दशहरा ,
रक्षाबंधन- मकर संक्रांति ,
वैशाखी-नागपंचमी जैसे ,
अनगिन त्योहारों-पर्वों पर ,
हर-घर का आंगन खुल जाता था ,
मीठी गंध नथूनों में आकर ,
बरबस आकर्षित करती थी ,
तब बिखरा हुआ शहर ,
फिर से महाकुम्भ सा ,
एकत्रित हो जाया करता था.
अब अंतरजाल के संबंधों में ही
जीवन उलझ गया है शफरी सा ,
उत्सव-पर्वों और संस्कारों को ,
अब शहर चित्र में देख रहा है.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Saturday, 2 February 2013

सरस बसंती हवा बही है .


सरस बसंती हवा बही है .
स्मृतियों की नदी बही है.

गेहूं के खेतों में,
सुरभि की तरह ,
बहते हुए ,
तुम्हारा चले आना .
गेहूं के सुकोमल ,
नन्हें-नन्हें हरे ,
पन्नग से पौधों में ,
तुम्हारा पानी रलकाते गाना -

पीली सरसों साथ उगी है.
सरस बसंती हवा बही है .

अंतर के मधुर स्वप्न ,
बिखर कर ,
जब भी छू मंतर हो जाते ,
मेरा मुख म्लान हो जाता ,
तब मेरा ध्यान ,
अपनी और खींचने के लिए ,
मचान के ऊपर चढ़ ,
तुम्हारा जोर से पुकार उठना -

देखो अलसी खूब फली है .
सरस बसंती हवा बही है .

सब के साथ
दौड़ की होड़ में ,
जब-जब थक कर ,
मैं चूर-चूर हुआ ,
तब मेरे निश्चेष्ट पड़े ,
तन-मन में ,
प्राणों का स्पंदन ,
मधुर स्वर से कर दिया -

धानी चूनर खूब सजी है .
सरस बसंती हवा बही है .

किस तरह से मैं ,
तुम्हारे प्रति ,
अपना अनुग्रह ,
व्यक्त कर सकता हूँ ,
मेरे जीवन पथ के ,
हर ऊंचे-नीचे पथ में ,
तुम्हार चरण-चिह्न ,
स्पष्ट देख कह सकता हूँ -

मेरी भी आँखे खूब भरी हैं .
सरस बसंती हवा बही है .


   - त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

विकराल लहरों के नियंता



तू ने ही प्रेम की पींगे बढाई,
फिर मुझे कहा -
चल लहर पर चलते हैं ,
मैंने रोका था ,
पर तुम कहाँ मानने वाले ,
तुम पर प्रेम की खुमारी ,
इस तरह चढ़ चुकी थी ,
जैसे चढ़ गयी हो ,
अंगूर की बेटी .

लहरों की सवारी ,
इतनी आसान ,
नहीं हुआ करती,
हाँ ,
उन पर थोड़ी देर ,
जी जरूर बहलता है ,
परन्तु जैसे ही ,
ले लेती है विशाल रूप ,
तब दैत्याकार लहरें ,
नाग की तरह ,
लीलने को आतुर होती है ,
तब तुम्हारा प्रेम ,
कहीं हवा हो जाता है ,
और ,
सब कुछ हो जाता है बदरंग.

ऊपर-नीचे होते हुए ,
इतने डर जाते हो,
और ,
डर के मारे ,
सारा दोष
मेरे ही सर मढ़ देते हो,
यार ,
बहुत कायर हो ,
जो लहरों से डरते हो ,
मेरा हाथ छिड़क ,
निर्जीव नौका की ओर,
खींचे चले जाते हो ,
क्या यही तुम्हारे
प्रेम की है पराकाष्ठा ?

मेरी एक बात पर ,
तुम यकीन करो ,
ये तमाम लहरें ,
हमने ही उठाई है ,
क्योंकि,
हमने ही समंदर में,
गहरे तक झांका है ,
हमने ही तूफान
आमंत्रित किये हैं ,
और,
हमने ही ,भंवर पर भंवर
पैदा किये हैं ,
हाँ ,हम ही कारण हैं ,
हाँ ,हम ही कर्ता है ,
फिर तो हम ही हुए ना,
विकराल लहरों के नियंता ,
फिर डर काहे का.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Sunday, 27 January 2013

मैं धरा का पुत्र हूँ धरा पर पला हूँ .


रोशनी सूरज से लिए मैं चला हूँ .
मैं धरा का पुत्र हूँ धरा पर पला हूँ .

छल-छंद सारे ,
जानता हूँ ,
मैं निशा के.
षड्यंत्र सारे ,
जानता हूँ ,
मैं निशा के .

अंधेरों को दफन करता मैं बढ़ा हूँ.
मैं धरा का पुत्र हूँ धरा पर पला हूँ .

छलकते प्याले
जानता हूँ ,
मैं मधु के .
टूटते प्याले ,
जानता हूँ ,
मैं मधु के .

भोर से संध्या तक गंगा में बहा हूँ .
मैं धरा का पुत्र हूँ धरा पर पला हूँ .

प्यार-रिश्ते ,
जानता हूँ ,
मैं मृदा के .
कर्ज-अनुग्रह ,
जानता हूँ ,
मैं मृदा के .

मृदा से संसार अपना गढ़ रहा हूँ .
मैं धरा का पुत्र हूँ धरा पर पला हूँ .


                  - त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Friday, 25 January 2013

वो है मेरा प्राण .


मेरा प्यारा देश !
जिस के बिना ,
मेरा अस्तित्व नहीं ,
वह है तो मैं हूँ ,
वो है मेरा प्राण .

स्वर्ण सी भोर ,
रजत सा दिन ,
ताम्र सी सुर्ख संध्या,
जहां
सप्तरंगी संस्कृति ,
षड ऋतु के साथ ,
वहन करते हैं ,
गलबहियों में बंधे ,
आप सी रिश्ते ,
हरित दुर्वा से ,
फलित होते हैं,
ऐसा मेरा  देश,
वो है मेरा प्राण .

राष्ट्र ध्वज
और
राष्ट्र गान ,
मेरे अस्तित्व की पहचान ,
सबका आदर ,
सब का मान ,
सद्चरित्र का गान ,
ऐसा मेरा देश
हिमगिरि से
दक्षिण सागर तक ,
गौरवशाली मरुधरा से,
पूर्वांचल की सरस धरा तक,
अक्षुण्ण  मेरा देश ,
मेरे रोम-रोम में ,
नित स्पंदित ,
वो है मेरा प्राण .

संविधान के निर्देशों पर ,
विकसित गरिमामय गणतंत्र ,
विविध पंथ ,
और उपासना ,
पलते हैं ,
ले मानवता का मन्त्र ,
प्रेम -अहिंसा
और विश्वबंधुत्व
का पाठ पढ़ाता,
मेरा स्वर्ण विहग सा देश ,
मेरी पूजा और भगवन सा,
मेरा भारत देश महान ,
मेरा कतरा-कतरा ,
उसे समर्पित ,
वो है मेरा  प्राण .

                   - त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द .

Saturday, 19 January 2013

कल की चिंता में


कल की चिंता में ,
घुल जाता है आज ,
जैसे घुल जाता है ,
पानी में नमक .
जहां तक ,
सवाल है चिंताओं का ,
उस के लिए निवेदन है ,
वे बहुत निर्लज्ज हैं ,
समय के साथ-साथ
बड़ी होती चली जाती हैं ,
जैसे अस्त होते दिन के साथ ,
फैलती चली जाती हैं परछाई.

निर्लज्ज चिंताएं ,
जब फैलती हैं ,
तब ना जाने कब ,
फैला देती है अपनी
विशाल श्यामल भुजाएं,
और
उन निर्मम भुजाओं में ,
सब सिमट कर
बन जाते हैं निराकार ,
जैसे लिखे हुए भोजपत्रों को ,
डुबो दिया हो किसी ने नील में .

दो दिन से राजधानी में ,
लगा है चिंतन-शिविर ,
यह चिंतन आखिर कर ,
चिंताओं का ही है भद्र-रूप,
जहां आज चिंता प्रकट की गई ,
कल के सुन्दर स्वरूप के लिए,
ये " आज " और " कल "
सूरज की ही तो है अभिव्यक्ति ,
जिस के लिए कल मुझे,
कलम पूछने वाली है-
कवि ! तूने क्या कर लिया ,
तटस्थ हो कर भीष्म की तरह .

कवि  से इतनी अपेक्षा क्यों ?
वह भी तो
जीवन-चक्र का हिस्सा है ,
उसे भी "चिंता" सालती है ,
बिक गई है सारी की सारी,
पुश्तैनी जमीन ,
घर टूट कर बिखर गया है ,
बचपन के साक्षी ,
साफ-सुथरे गली-चौराहे  ,
भर गए है,
उत्कोचों और तस्करों से,
हिंस्र भेड़ियों से
बलात्कारियों के इश्तहारों से ,
जहां पर भी " कवि " तो लगा है ,
अपनी कलम को
घिस कर तीखी करने में ,
याद रखें -
उस की "कलम" तो "कलम" है ,
वह नोक रखती है , वह तीखी है ,
परन्तु एक बात साफ है ,
वह नश्तर नहीं है ,
वह धारदार हो कर
काटती है तो सही , जोड़ भी जोडती है .

                 - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Tuesday, 15 January 2013

रचयिता होता है वह ब्रह्मा होता है.


समतल जमीन पर ,
निश्चिन्त हो कर चलना ,
होता है बहुत मनभावन .
ढलानों पर फिसलने के लिए,
ह्रदय होता है बहुत उतावला .
परन्तु ,
चढ़ाई को देख कर ,
अच्छे-अच्छे योद्धाओं के
पैरों तले जमीन ही ,
खिसक जाती है .
हर परिस्थिति में ,
अनासक्त रहने वाला ,
जो भी होता है बिरला होता है ,
रचयिता होता है वह ब्रह्मा होता है.

पिता है आदर्श रचयिता ,
घर के लिए ,
उनकी अनासक्ति देखी ,
कच्चे-पक्के घर के प्रति ,
खेती-बाड़ी के प्रति ,
ढोर-डंगर के प्रति ,
और
अपनी काया के अंश रूप ,
अपनी ही सन्तति के प्रति ,
जिस को जब-जब जितना देय,
देता है अनासक्त हो कर,
और उस के बाद फिर से
खप जाता है दुनियादारी में,
वह अनासक्त पिता ही ,
स्वर्ग का निर्माता होता है ,
जो भी होता है बिरला होता है ,
रचयिता होता है वह ब्रह्मा होता है.

देखा भवन बनाते ,
कुशल कारीगर को ,
वह अनासक्त  ,
अपने साधन के प्रति  ,
वह अनासक्त  ,
चाँदी जैसी सिक्ता के प्रति,
वह अनासक्त  ,
ईंट और उपल के प्रति,
जिसकी जितनी जहाँ जरूरत ,
उस को ही वह हाथ लगाता ,
फिर अनासक्त भाव से ,
आगे बढ़ जाता ,
वह अनासक्त कारीगर ही ,
देवालय का निर्माता होता है.
जो भी होता है बिरला होता है ,
रचयिता होता है वह ब्रह्मा होता है.

देखा जन-वृन्द में ,
कवि को कलम चलाते ,
वह अनासक्त ,
कलम और पत्रों के प्रति ,
वह अनासक्त ,
शब्दों और बिम्बों  के प्रति,
वह अनासक्त ,
छंदों के बंधन के प्रति
वह अनासक्त ,
वैभव और यश के प्रति ,
वह तटस्थ हो कर रचना करता,
सत्य -संवाहक होकर ,
फिर अनासक्त भाव से ,
जन-वृन्द से जुड़ जाता ,
वह अनासक्त जनकवि ही ,
अमर-काव्य का निर्माता होता है .
जो भी होता है बिरला होता है ,
रचयिता होता है वह ब्रह्मा होता है.

             - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...