Saturday, 23 February 2013

अब सहा जाता नहीं .



सरोवर में नित्य कंठ सूखे , अब सहा जाता नहीं .
पानी का मर जाना हम को, अब सहा जाता नहीं.

हलक तर करने के लिए ही , हम सरोवर खोदते .
खुले में अधिकारों का मरण ,अब सहा जाता नहीं.

शुष्क  होठों पर जीभ फिराये , सांस लेते जा रहे हैं.
पर मछलियों का वो तडफना,अब सहा जाता नहीं.

कल तलक तो हम सोचते , आयेंगे वे पानी लिए.
पर धुंआ उड़ाते लौट आते , अब सहा जाता नहीं.

तड़फती पाई मछलियाँ को , पहले सहलाना है .
फिर दावतें उन की उड़ाना , अब सहा जाता नहीं.

जल  रही  थी बस्तियां तब , उन को कहाँ  देखते.
वो भीड़ में उनका सिसकना ,अब सहा जाता नहीं.

हाथ उनके बढते  प्यार से , सहलाने  में गाल को .
फिर पेट की तली  नापना , अब सहा जाता नहीं.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.


दहशत लाये हैं ,कुछ पागल हैं .


कुछ  वहशी हैं , कुछ पागल हैं .
दहशत लाये हैं ,कुछ पागल हैं .

सभी चल दिये , अमन की डगर.
अमन कुतरते वे ,कुछ पागल हैं .

प्यार से गीली हैं , गली हमारी .
नमक बिछाते वे ,कुछ पागल हैं.

मिले हुए दिल ,कटते भी कहीं .
काटने पर तुले , कुछ पागल हैं.

पकी हुई फसल , मुहोबतों की .
रास नहीं जिन्हें , कुछ पागल हैं.

सेकना चाहते ,सियासती गोटी .
वे जलाते बारूद ,कुछ पागल हैं .

जानते ही नहीं , हमारी फितरत .
हम मिट्टी में सने,कुछ पागल हैं.

मिट्टी में जियें हैं , मिट्टी में मरेंगे .
तबियत ही ऐसी , कुछ पागल हैं.

तिरंगे की कसम ,यार अब सुधर.
चिरोरी होगी नहीं, कुछ पागल हैं.

बारूदी धमाके , मार सकते नहीं.
मर-मर के जिए ,कुछ पागल हैं.

मिटाने पर भी ,जो मिटती नहीं .
हस्ती हमारी भी , कुछ पागल हैं.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द .

Wednesday, 20 February 2013

अभिव्यक्ति के पर आये हैं


चिड़िया की हुई बगावत है , ज़रा संभल के चल .
कबूतर ने भी पर खोले हैं , ज़रा संभल के चल.

तेरे कलदार चला करते थे , कभी खुले गगन में .
अब तेरी टकसाली बंद हुई , ज़रा संभल के चल .

तेने अपने पंख फैला कर , हरदम डर घोला था.
सब परिंदे उड़ने को आतुर , ज़रा संभल के चल .

काल सरीखे तेरे पंजों ने , तन-मन चीर दिये थे .
चिड़िया ने चोंच उठाई है , ज़रा संभल के चल.

तेरे काले साये से डर कर , जो पेड़ों में छिपते थे,
वे सब मरने को ही चल पड़े , ज़रा संभल के चल .

ठकुरसुहाती करने वाले , ओ काले कौए तू सुन .
अभिव्यक्ति के पर आये हैं , ज़रा संभल के चल .

                                - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Sunday, 17 February 2013

संवेदना तो मर गयी है


एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह .
तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह .

आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा .
तेरा बदलना चुभ रहा , महीन रेत की तरह .

गर्म नारों से बदलना , चाहते थे हम सभी को ,
अब हवा में उड़ रहे हो , शुष्क पत्ते की तरह .

मेरी कमीजों पर कभी , तुम गुलाब से थे सजे .
अब हो गए भाव वाले , तुच्छ कागज की तरह .

दुःख नहीं है इस बात का , पास मेरे आते नहीं
खून तेरा क्यों हो गया है , खार पानी की तरह .

लोग अब भी आश्वस्त हैं , राहतें ले आयेगा ही.
वे आसमान में ताकते हैं , भक्त लोगों की तरह .

अब मुझे मालूम है कि , दिल तेरा सुनता कहाँ .
संवेदना तो मर गयी है , व्यर्थ उपमा की तरह.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Thursday, 14 February 2013

अग्नि पे चुम्बन उगते हैं.


आशाओं  पर सब पलते हैं .
तप के ही अंकुवे निकले हैं .

मांझी सोचे ,
किश्ती लेकर .
घर आऊँगा ,
खुशियाँ लेकर .

कौन कहे वह ,
घर को आये .
कौन कहे वह ,
सागर बस जाए .

लहरों पर मांझी चलते हैं.
छोटी किश्ती पे मचले हैं.

वो दीवाने  ,
तट  आते हैं.
लहर पीट के ,
घर भरते हैं.

रात कटी है ,
अपने ले कर .
भोर चले फिर,
सपने ले कर .

झंझा पर सपने बसते हैं.
अग्नि पे चुम्बन उगते हैं.

कल उन का भी ,
घर होगा .
घर में किस का ,
डर होगा .

गर्म तवे से ,
गंध उठेगी .
मृदुल भुजाएं ,
अंक कसेगी.

आशाओं  पर घर चलते हैं .
पतझड़ पर बसंत फलते हैं .

                    - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

.

Tuesday, 12 February 2013

यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.



यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.
सोलह कलाएं लिए, चाँद हो आकाश का .

जिंदगी तकली बनी ,
गोल-गोल घूमती .
यादों का कपास लिए ,
नर्म सूत्र कातती .

बंध उन के खोल दूं  ,खेत हो कपास का .
यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.

दिन कमल सा खिले ,
यादों का सूरज लिए .
दिन कमल सा ढले ,
यादों का सूरज लिए .

यादें नित्य काटती , वेग प्रीत प्रवास का.
यादें ऐसे गुंथ गयी , फूल हो कपास का.

मोन की आयोजना में ,
सलवटें ही बोलती .
सच कहूं तो जिन्दगी ,
बावरी सी डोलती .

हर गली में शोर है , यादों के उजास का .
यादें ऐसे गुंथ गयी  , फूल हो कपास का.

                                           -त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Sunday, 10 February 2013

उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .



उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .
किनारा ही पा लिया है जो तुम आये .

अंधेरों में बहुत कड़वे ,
घूँट ही उतारे हैं .
कई कंकड़ कई कांटे ,
हाथों से बुहारे हैं .

बहुत घावों को भूले हैं जो तुम आये .
उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .

होठों को बंद किये बैठे ,
थे बहुत पहरे .
सुनता कौन हमारी पीर ,
थे सभी बहरे .

गूंगे भाव गीत बन बैठे जो तुम आये .
उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .

चलो छोडो उनको अब,
हमें क्या कहना है .
दरिखाने में फूलों को ,
उन्हीं को सहना है.

आँखों से नहीं दिखता जो तुम आये .
उजाले की नदी ले कर जो तुम आये .

                    - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.


संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...