Saturday, 30 March 2013

पुष्प सृजन के सहकारी

तुम ने कभी सोचा भी है ,
जो है तुम्हारी ,
आत्मा का अंश ,
वह कितना ,
जी पा रहा है ,
या ,
जीने के लिए ,
करा रहा है जद्दोजहद .

जिन को सौंप दिया है ,
तुम ने अपने उद्यान का ,
महकता पुष्प ,
उन के साय में ,
वह खिलता है ,
या ,
खिलने के लिए ,
हाथ-पैर मार रहा है ?

तुम अव्वल दर्जे के,
गैरजिम्मेदार माली हो ,
जिस ने अपने खिलते ,
पुष्पों की सुध नहीं ली ,
जब भी मुर्झाता है पुष्प ,
अच्छे से समझ,
ओ ! नासमझ माली ,
तेरे उद्यान पर ,
मंडरा रहा है काला साया .

तू चाहता है ,
तेरा उद्यान खिले ,
और ,
तेरे पुष्पित पुष्पों से ,
और भी उद्यान पुष्पित होते रहे ,
तब ,
तुझे सही समय पर ,
अपनी प्रतिक्रिया ,
काले साय के खिलाफ,
दर्ज करनी होगी ,
यह समझदारी है .

तेरे पुष्प सृजन के सहकारी हैं ,
निर्दय विप्लव के ,
लाचार लक्ष्य नहीं .

यह है एक प्रच्छन्न लड़ाई ,
जिसे समय रहते लड़ ,
अपने लिए ना सही ,
सृजन के लिए ही सही ,
पर लड़ .
छोड़ ना , सभ्यता का लबादा ,
फ़ेंक यह बोझा ,
और ,
मूल्यों के लिए खडा हो जा ,
वर्ना तेरे ही उद्यान के पुष्प ,
तेरे माली होने के वजूद पर ,
प्रश्न चिह्न लगायेंगे ,
फिर तेरे पास पश्चाताप के सिवाय ,
नहीं रहेगा कोई विकल्प .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

हमारी लड़कियां

मैने आज पढ़ा -
ईरान में लड़कियां ,
बुर्के में रहती है ,
वे लडकियां ,
बुर्के में ही करती है नौकरी ,
बुर्के में ही जाती है पढ़ने ,
और ,
हद तो तब हो गयी ,
वे नाटक के मंचन में ,
अमरीकी लड़की का अभिनय भी ,
करती है बुर्के में ,
वे अपने-अपने घरों में ,
किस तरह रहती ,
मैं नहीं जानता ,
क्योंकि ,
इस सम्बन्ध में " असगर वजाहत " भी ,
पूरी तरह नहीं जानते.

मेरे इस कथन पर ,
शायद बहुत खुश होंगे ,
चलो हमारे हिन्दुस्तान में ,
हमारी लड़कियां ,
कितना खुलापन लिए जीती है ,
परन्तु ,
यह कितना सच है ,
इस का प्रमाणन करने के लिए ,
तुम्हारे घरों में ,
बेटियों का होना जरूरी है ,
तभी मालूम चलेगा ,
तुम्हारी हिन्दुस्तानी लड़कियां ,
किस तरह झूल रही है ,
तथाकथित आधुनिकता
और दकियानूसीपन के झूले में ,
जहां सवार है ,
उस के सर पर ,
अपनी ही जात का दोगलापन ,
जिस में जीने के जद्दोजहद में ,
मरने की दुखद इच्छा पालने को ,
हो जाती है प्रतिबद्ध .

मैं यह अच्छे से जानता हूँ ,
ईरान की लड़कियां भी ,
हमारी लड़कियों जैसी ही ,
हमारी लड़कियां है ,
वे बंधनों से मुक्त होनी ही चाहिए ,
लेकिन ,
एक बात बहुत साफ है ,
वे हमारी लड़कियों की तरह ही ,
अपनी ही जात से ,
दोहरी मार से मर नहीं रही है ,
तथाकथित आधुनिकता और
दकियानूसी के झूले में
झूल नहीं रही है .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

ख़त अपने वारिस होते हैं



जब भी तेरे ख़त आते हैं , ख़त में हम ही तो होते हैं
ख़त में मेरी सेहत ले के , बस चिंता के क्षण होते हैं

कागज़ के पुर्जे स्याही में  , दौलत के वे गढ़ होते हैं
भीनी गंध लिए आते ये , ख़त रिश्तों के पथ होते हैं

निर्जन औ अँधेरे घर में  , ख़त आये दीपक होते हैं
उत्सव पर्वों पे आते-जाते , सच में वे ही घर होते हैं

मैंने सब को कह डाला है , ख़त सारे निर्दय  होते हैं
ख़त  होते श्वांसो के जैसे ,  रुक जाये तो डर होते हैं

जब से जा के शहर बसे , ख़त मिलने दुर्भर होते हैं
बंटवारे जैसी चुभती बातें ,नस्तर जैसे स्वर होते हैं

कल ही तो चाचा जी बोले , ख़त बिना सूने होते हैं
दीवारें छाती चढ़ आती , ख़त अपने वारिस होते हैं


                                  - त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Tuesday, 26 March 2013

फागुन के दोहे .




कंत  गये  परदेश में , धण  छूटी इस देश.
टेसू  फूले  दहक  के ,   फागुन  दहके गेह .

कब जाऊं मैं देश में , कब  देखूं घर - बार .
देह दहकती ज्वाल सी ,ये फागुन की मार.

मांड रही वो मांडने , रुचिकर औ बहु भांत .
आँगन तब सजता नहीं , बहे ले अश्रु-धार .

कंत सरीखा  कौन है , इस  फागुन के माह.
कंत सरीखा  कंत है , सुन  फागुन के माह.

आकर्षण में आ मिले ,इस फागुन के माह .
अब कैसे होए विलग , नयन हुए अब चार .

धण को धन ना चाहिए ,ना महल नहीं राज .
तू अटका परदेश में ,किस कामण के काज.

हे प्रिय ! मन की चाह में , ऐसो करे न काज .
तुम पे  रंग श्यामल चढ़े , मैं मर जाऊं लाज .

मैं  प्राण  कीर  को सुनूं , वो  गाये  तव नाम .
उड़ने  को  आतुर  हुआ ,  कैसे  रहूँ  रे   राम .

सावन तो सूखा गया , फागुन फुर-फुर जाय .
बालम तू विमुख रहा , यौवन झर-झर जाय .

देवर  रंग  ले  आ  गये ,  बहुरि  करे  श्रृंगार .
समझा  भी  घर है  नहीं ,फागुन  मारे  मार .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Sunday, 24 March 2013

फागुन आया है !




घर-घर भारी धूम मची है , फागुन आया है .
लोग अटारी चढ़ चिल्लाये , लालन आया है .

नन्द हवेली थाली बजती ,
गली-गली में चंग .
ललना गाती मधुर बधाई ,
ले डफली का संग .

नन्द-यशोदा मोदक लाओ , राजन आया है .
लोग अटारी चढ़ चिल्लाये , लालन आया है .

रसिया सरसे मधुर कंठ से,
बरसे रंग हजार .
गाली पर गाली चलती है ,
मस्ती हुई अपार .

राधा से मिलने को कान्हा , कानन आया है .
लोग अटारी चढ़ चिल्लाये , लालन आया है .

फागुन तो फागुन है राजा,
राधा हुई निहाल .
जो लाला पिचकारी मारी ,
बेचारी हुई बेहाल .

बाहों में भर राधा को बोले , फागुन आया है .
लोग अटारी चढ़ चिल्लाये , लालन आया है .

हल्दी केसर रंग घुलाये ,
घर-घर डोल भरे हैं.
नाचे रति सी राधा प्यारी,
कान्ह मृदंग धरे हैं.

नटखट कान्हा राधा के ही , कारण आया है .
लोग अटारी चढ़ चिल्लाये , लालन आया है .

रंगों की इस बारिस ने ,
सब भेद भुलाये हैं .
नेह भरे इस फागुन ने ,
सब दिल मिलाये हैं .

संत्रासों की इस दुनिया में , तारण आया है .
लोग अटारी चढ़ चिल्लाये , लालन आया है .



                                                                                     -त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.


Thursday, 21 March 2013

थोड़ा-थोड़ा सा.

उलझे प्रश्नों को सुलझा लें थोड़ा-थोड़ा सा .
फागुन आया रंग उड़ा दें थोड़ा - थोड़ा सा .

अंतरवेदन से है बोझिल जीवन खाली सा.
बहुत जरूरी हल्का हो लें थोड़ा - थोड़ा सा .

सारा वन भी सुर्ख हुआ है तेरे आनन सा.
रंग गुलाबी दिल का घोलें थोड़ा-थोड़ा सा.

जीवन को जाना जाता है भारी पाठों सा.
सरगम में गा लेते जीवन थोड़ा-थोड़ा सा.

पंख लगाये समय दौड़ता ये परदेशी सा .
आपस में हम रंगे जायें थोड़ा-थोड़ा सा.

किसे पड़ी है कौन देखता जग है भूला सा.
छिड़को दिल का रंगी पानी थोड़ा-थोड़ा सा.

फागुन है सब मौसम में ये मान-मनौवल सा.
कुछ बचपन ही फिर से जी लें थोड़ा-थोड़ा सा.

      -त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द .

Monday, 18 March 2013

बेटियाँ ! तुम नदी हो .

बेटियाँ बीच राह पड़ी ,
कोई निर्जीव ,
वस्तु नहीं है ,
या,
मात्र इस्तेमाल की ,
वस्तु नहीं है ,
जिसे मन चाहे ,
कर लिया इस्तेमाल ,
और मन चाहे ,
दुत्कार दिया ,
किसी बिस्किट के,
रेपर की तरह .

बेटियाँ जीवन का ,
वह उमड़ता श्रोत है ,
जिस के हर प्रवाह पर ,
जीवन ऊर्ध्वमुख होता है .
और ,
जीवन के उत्सव में ,
वह छंदोबद्ध सामगान की तरह ,
मुखरित होती है ,
लेकिन ,
जहां भी बहाती है ,
अपने गर्म-गर्म आंसू ,
तब ,
उस के आंसूओं की तपिश में ,
सब कुछ जल कर ,
भस्म हो जाता है ,
जैसे ज्वालामुखी के लावे में,
विशाल और वज्र से पत्थर भी ,
जल कर ख़ाक हो जाते हैं .

बेटियाँ ,
तुम नदी हो ,
नदी का तरह बहो ,
नदी अपने अवरोधों को ,
तोड़ कर बिखेर देती है ,
ठीक वैसे ही ,
तुम भी अपने अवरोधों को ,
छिन्न-भिन्न कर बिखेर दो ,
बेटियाँ ,
नदी अपने तटों को ,
देख कर गंदा ,
करती है कोप ,
और जल प्लावन में ,
सारी की सारी गन्दगी,
फेंक देती है ,
तटों से दूर ,
तुम भी अवांछित को हटा दो ,
आंसूओं को व्यर्थ ना करते हुए .

बेटियाँ ,
तुम एक बात ,
ठीक से समझो ,
जीवन के सृजन के लिए ,
पवित्र वातावरण के साथ-साथ ,
चाहिए ,
स्नेह और सम्मान का निर्झर ,
तभी तुम ,
पयस्विनी हो कर ,
कर सकोगी सृजन ,
मैं ,
हमेशा ही तुम को ,
भोली गाय की जगह ,
उमड़ती हुई नदी के रूप में ,
देखना पसंद करूंगा ,
जो जीवन के सृजन के लिए ,
आवश्यक रूप ले सके .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...