Friday, 31 May 2013

प्रताप मेवाड़ सा है , मेवाड़ प्रताप सा है

भाग्य के भरोसे कभी , कर्मशील नहीं रहे ,
                       पतवार लिए हाथ , लड़ लेते धार से .
धूम्र देख होते खड़े , ज्वाल की तरफ बढे ,
                       चिंता नहीं कौन साथ , खेल जाते आग से.
भाग्य के भरोसे बैठ , गाते गीत भाग्य के हैं ,
                       काल के बंधन बंध , मारे जाते काल से .
कर्मवीर जगत में , नभ के सितारे से हैं ,
                       धरा उन की रही है , वे हुए प्रताप से.

जो निठल्ले ही रहे हैं , खाते रहे सोते रहे ,
                       दिवस को व्यर्थ किया , व्यर्थ के प्रलाप से .
वे निठल्ले चीखते हैं , दस दोष देखते हैं ,
                       देश को वे हीन कहे , व्यर्थ के विलाप में .
कर्मवीर सदा चले , नहीं देखे धूप-छाँव ,
                       सृजन को देखते हैं , देश के विकास में .
देश पे विपत देख , कर्मवीर वरवीर ,
                       असि धार दौड़ पड़े , सिंह से प्रताप से.

दौड़-दौड़ अरि कहें , आ गये प्रताप यहाँ ,
                       मार रहे काट रहे , हम को बचाइए .
झुण्ड-रूप दे कर के  , भेज दिए राणा ओर ,
                       जोड़ हाथ कहे झुण्ड  , हमें न कटाइए .
रुदन में अरि कहे , हाय अल्ला कहाँ फंसे ,
                       मेवाड़ के चंगुल से , हम को निकालिए .
कहाँ छिप गये यहाँ , अकबर मानसिंह ,
                       रूद्र सा प्रताप दिखे , कोई तो बचाइए .

मेवाड़ की ललनाएं , सजन से कह रही ,
                       देशहित भीड़ जाओ , अकबरी दल से .
हल्दी सम हल्दी घाटी , रक्त में नहाई हुई ,
                       लाल-पीली हो रही है , अकबरी दल से .
प्रिय घर लौटें तभी  , अरि की विदाई हो ,
                       लड़-लड़ मर जाना , अकबरी दल से .
प्रताप मेवाड़ सा है , मेवाड़ प्रताप सा है ,
                       दो-दो हाथ कर आओ , अकबरी दल से .

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द.

Monday, 27 May 2013

मृत्यु के नग्न उपासक

गूँज गये जंगल-शहर
बंदूकों की गरज में
और ,
उस दरमियान ,
सहमा तो केवल ,
मासूम आदमी .

हाँ , वह आदमी सहमा ,
जो रोज रोटी की,
जुगत में ,
ना जाने कितनी बार ,
जमीन में गड़ जाता है .
हाँ , वह आदमी सहमा ,
जो रोज अपनी लाज को ,
बचाने के चक्कर में ,
ना जाने कितनी बार ,
दुत्कारा जाता है ,
हाँ , वह आदमी सहमा ,
जो रातों की भयानक ,
सांय-सांय करती ,
काली वेला में ,
अपना सर छिपा लेने के ,
असफल प्रयासों में ,
ना जाने कितनी बार ,
धवल संस्थाओं से
नोच लिया जाता है .

गूँज गयी काली बंदूकें ,
भीषण गर्जन करती ,
लोकतंत्र में ,
साथ उसी के ,
छांट गयी ,
गर्म रक्त के फव्वारे ,
दृश्य बहुत निर्मम और विभत्स,
जैसे मरघट जाग गया हो ,
रक्त-मांस से सने हुए चिथड़े ,
इधर-उधर फैले-फैले ,
शव बिखरे हुए धरा पर ,
मानो कहते हैं ,
उन काले हत्यारे की ,
रक्तिम निर्मम ललकारों को .

जीवन का धवल पक्ष ,
हत्यारे नहीं जानते ,
शायद धवल रोशनी से ,
उनका परिचय कहाँ ?
जीवन के सन्देश संवाहक ,
हत्यारे नहीं जानते ,
शायद सन्देश संवाहक को ,
ले जाने वाले पथ से ,
शायद उनका परिचय हुआ कहाँ ?
जीवन की संस्कृति के सरगम को ,
हत्यारे नहीं जानते ,
शायद जीवन संस्कृति के सरगम को ,
हत्यारों की श्रुति ने सुना कहाँ ?
उनका परिचय केवल ,
बीहड़ और अंधियारे से है ,
काली-काली बंदूकों से है ,
हत्याओं और मरघट से हैं ,
वे मृत्यु के नग्न उपासक ,
जीवन का आराधन करना ,
हत्यारों की प्रवृत्ति का भाग नहीं है .

-त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

Saturday, 25 May 2013

गांधारी और धृतराष्ट्र से हो गये

कंधे से कंधा सट गया ,
परन्तु अभी तक ,
समझ में नहीं आया ,
आखिर कर ,
कौन क्या चाहता है ?

अब वे चिल्लाना बंद करें ,
तो कितना सुखद हो जाए ,
तनिक देर ,
कहीं बिना शोरगुल की ,
नम जगह बैठ कर
मैं परिस्थितियों को ,
ठीक-ठीक समझ सकूं .

न जाने क्यूं
कुछ लोग सर पर आकर ,
धमक जाते हैं ?
हाथ में झंडा लिए ,
बन बैठते हैं मसीहा,
शोरगुल हो-हल्ला ,
भीड़-भगदड़,
अखबारों के शीर्ष पर ,
छपती कुछ घटनाएँ ,
आकाशवाणी - दूरदर्शन पर .,
चीखती हुई ,
परावर्तन के सह कुछ बातें .

नयी-नयी बातों के ,
वजन में ,
कुचल जाती हैं ,
वे पुरानी बातें ,
जिन्हें जानना ,
जरूरी था .
शोर-गुल , भीड़-भक्का ,
आपाधापी और संशय में ,
गर्दी इतनी उड़ती है ,
साँसों को जबरन ,
घटकना भी दुष्कर है .

सभी के सभी उत्सुक ,
किसी नये
घटनाक्रम के लिए ,
जिस से कि ,
दिवस कुछ ,
रोचक तरीके से निकले ,
अब हम ,
आदी हो गए हैं ,
केवल घटनाएँ सुनने को,
सब के सब ,
गांधारी और धृतराष्ट्र से हो गये ,
जब कि बनना था ,
कृष्णार्जुन सभी को .

-त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द (राज.)

Wednesday, 22 May 2013

आपस में ही परिचय कर लेते हैं

मैं जिसे खोजने निकला ,
वह तुम हो ,
जिसे मैं पहले से ही जानता हूँ ,
वह भी तुम हो .

फिर यह अपरिचय क्यों ?
तुम कह सकते हो ,
हम पहले कभी मिले नहीं ,
हमने कभी एक दूसरे को जाना नहीं .........

क्या यह सही है ?
जब कि तुम्हारा और मेरा स्वामी एक ही है .
यदि हाँ ,
फिर यह हमारी भूल है ,
हम आपस में नहीं मिले .

हमें स्वामी के सम्मुख खडा होना होगा ,
वहां हमसे सवाल और जवाब होंगे .
क्या हम उनके आगे खड़े रह पायेंगे ?
तो फिर...........

हम एक काम कर लेते हैं,
अपरिचय समाप्त कर देते हैं ,
और ,
आपस में ही परिचय कर लेते हैं ,
अच्छे बच्चों की तरह.

त्रिलोकी मोहन पुरोहित, राजसमन्द ( राज.)

हम कितने लाचार हो गए

रात के व्यवहार को ,
हम सुबह भूल जाते हैं ,
और ,
आज दिन के  व्यवहार को ,
कल तक भूल जाते हैं ,
उस के बाद ,
फिर वही , रोजमर्रा की जिन्दगी ,
हम कितने सुविधावादी हो गए .

बोलना था हमें ,
वह बोल दिया ,
क्या बोला ? उस से ,
हमें क्या लेना-देना ?
हमारे बोल पर ,
कोई मर मिटा ,
या ,
सर धुन कर रह गया ,
या,
आँखों में आंसुओं को ,
अटका कर रहा गया ,
उस सब से हमें क्या ?
हम भूल जाते हैं ,
हमारे शब्द-भेदी बाण ,
और उस के बाद ,
फिर सक्रीय हो जाते हैं ,
हमारे भाषाई दांव-पेंच ,
हम कितने व्यावसायिक हो गए.

कब हम किस के गले मिलेंगे ,
या ,
उस के सामने आते ही ,
नाक-भोंह सिकोड़ेंगे ?
हम खुद कह नहीं सकते ,
पता नहीं , किस क्षण ,
सामने वाले के हाथ से ,
हमारे पास , हमारे मतलब का ,
सामान हाथ लग जाए ,
या ,
उस के मतलब का सामान ,
हमारे हाथ से , खिसक जाए ,
इस हेतु ,
हम अभिवादन से ही ,
व्यवहार के क्षेत्र में ,
फूँक-फूँक कर कदम रखते हैं ,
सच है ना ,
हम कितने अवसरवादी हो गए .

स्त्री ..........स्वतंत्रता की आवाजें लगा रही है ,
वह स्वतंत्रता की चाह में ,
भागती है , खांसती है ,
लड़ती है , ललचती है,
रहस्यमय बनती चली जाती है ,
दोसरी तरफ पुरुष...........
पिछड़े अगड़ों को ,
मिटटी में मिलाने को कटिबद्ध हैं ,
अगड़े पिछड़ों को ,
पीछे ही धकेलने में मशगूल हैं ,
एक जात दूसरी जात को ,
एकदम पीस देना चाहती है ,
हर कोई सामने वाले का ,
कंधा इस्तेमाल करने को व्यस्त है ,
एक दूसरो सीढ़ी बनाने में दत्त चित्त है
बस , ..............आदमी जहां भी है ,
वह भोंचक्का सा है ,
उस के सामने ,
बाढ़ और सूखा है,
दंगा और आग है,
भूख और लाचारी है,
जोर और जबरदस्ती है ,
इस माहोल में ,
हम कितने लाचार हो गए . 

Tuesday, 21 May 2013

हेसियत नहीं रखते .


एक दिन सभी का ,
ध्येय एक था ,
एक ही मार्ग था ,
और ,
प्राणों से प्यारा ,
देश एक था ,
तब हम ,
सवा लाख के थे ,
आज ,
बदल गया हमारा ध्येय ,
बदल गया मार्ग ,
और ,
देश बाँट लिया गया है ,
अब हम ,
कानी कोडी की भी ,
हेसियत नहीं रखते .

अविश्वास और प्रपंच ने ,
हमें बहुत दूर ,
खडा कर दिया है ,
अब हम इकाई के रूप में ,
गिने और तोड़े जा सकते हैं ,
जैसे गिनी जा सकती है ,
आसानी से
भेड़-बकरियां
और
तोड़े जा सकते हैं
बिखरे हुए तिनके ,
अनायास ही ,
आखिर कर हमने,
खो दी आत्म-संगठन की ,
अमोघ शक्ति .

सत्ता-शक्ति और स्वत्त्व ,
निजी इच्छाओं में ,
इस तरह से ,
रच-बस गए हैं कि ,
देश-संस्कृति-स्वाभिमान ,
हो गए हैं गौण  ,
ये सत्ता-शक्ति और स्वत्त्व ,
के तल में ,
ऐसे दब गए हैं,
जैसे भरभरा कर गिरे ,
बहुमंजिले भवन के ,
मलबे में ,
दब गया हो कोई ,
माँ-बाप और बच्चों सहित,
हंसता-खेलता परिवार.

तुम्हारी छीना-झपटी ,
और ,
एक दूसरे को ,
विवादों में उलझाने की ,
पैशाचिक वृत्ति ने ,
हमारी सारी ऊर्जा ,
सोख ली है ,
जैसे जेठ में तपता रेगिस्तान ,
सोख लेता है पानी ,
जो छिपा बैठा था ,
किसी प्यासे की ,
प्यास बुझाने को ,
धरती की कोख में ,
ऐसे माहोल में ,
सीमा पार से ,
चले आते हैं ,
आदमखोर भेडिये ,
क्योंकि उन्हें भी चाहिए,
नर्म-गर्म गोश्त ,
कुछ जुगाली के लिए.

- त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द ( राज .)

Sunday, 19 May 2013

वाकई , मैं पागल हूँ .


तुम ने मुझ को ,
पागल कहा ,
ठीक ही तो कहा ,
इस में गलत क्या है ?
तुम मेरा यकीन करो ,
मुझे तुम से ,
कोई शिकायत भी नहीं ,
वाकई , मैं पागल हूँ .

तुम कह चले ,
अब कभी लौट कर ,
तुम आओगे नहीं ,
फिर भी मुझे तुम्हारी ,
प्रतीक्षा रहती है ,
आने-जाने वालों से ,
तुम्हारी खोज-खबर लेता हूँ ,
वाकई , मैं पागल हूँ .

मेरे शरीर पर अब भी हैं ,
तुम्हारे नाखूनों के व्रण-चिह्न ,
जिन से कभी रिस कर ,
टपक गया था ,
मेरा सिन्दूरी लहू ,
और,
तुम्हारे नाखून ,
रक्तिम आभ लिए लहू में ,
दिप-दिप कर ,
दमक कर रह गये थे ,
मैं अब भी तुम से प्राप्त ,
व्रण-चिह्नों में ,
तुम को अनुभव करता हूँ ,
वाकई , मैं पागल हूँ .

कभी लिखी थी ,
जो कवितायें तुम को ले कर ,
जिन पर पाटल रख तुम को सौंपा था ,
तुम ने उन कविता-पत्रों को ,
पाटल सहित पटक धरा पर ,
अपने पदत्राण से कुचला था ,
वे अब भी वैसी की वैसी ,
पड़ी धरा पर सुबक रही हैं ,
मैं हूँ कि ,
तुम को ले कर फिर से ,
इक नयी कविता ,
लिखने बैठ गया हूँ ,
तुम को पाने की ,
अदम्य लालसा में ,
वाकई , मैं पागल हूँ .

-त्रिलोकी मोहन पुरोहित , राजसमन्द.

संवेदना तो मर गयी है

एक आंसू गिर गया था , एक घायल की तरह . तुम को दुखी होना नहीं , एक अपने की तरह . आँख का मेरा खटकना , पहले भी होता रहा . तेरा बदलना चुभ र...